हो जाएं सावधान! फूड कंपनी संचालक आपकी सेहत के साथ कर रहे खिलवाड़
नई दिल्ली: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एफएसएसएआई के उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय (NRO) की ओर से दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में एक प्रवर्तन कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान खाद्य उत्पादों की फर्जी री-लेबलिंग और खाद्य एवं गैर-खाद्य पदार्थों के अनधिकृत भंडारण का पर्दाफाश गया।
इस कंपनी में हो रहा था नियमों का उल्लंघन
बताया जा रहा है कि एफएसएसएआई को जानकारी प्राप्त हुई थी कि ओखला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित वेस्टएंड कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड में नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है, जिसकी जवाबदेही में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई।
फोन के माध्यम से दी गई जानकारी
बता दें, यह कार्रवाई एफएसएसएआई-एनआरओ के निदेशक की देखरेख में की गई। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें फोन के माध्यम से एक सूचना मिली थी कि उक्त संचालक द्वारा खाद्य उत्पाद लेबल की जानकारी को हटाकर उसे दोबारा छापने जैसी अवैध गतिविधियां की जा रही हैं।
केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया
इस पूरे प्रवर्तन अभियान के दौरान, केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पाया कि एफबीओ विभिन्न ब्रांडों के खाद्य एवं गैर-खाद्य पदार्थों के अनधिकृत भंडारण में शामिल था। कई खाद्य उत्पादों पर कथित तौर पर नकली पैकिंग डेट, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और बदली हुई लेबल जानकारी पाई गई।
50,000 से अधिक दूषित खाद्य पैकेट किए गए जब्त
निरीक्षण कर रही टीम ने मौके से मुहर, रासायनिक विलायक और मुद्रण मशीनरी को भी बरामद किया, जिनका उपयोग प्रोडक्ट के लेबल में हेरफेर करने और जालसाजी के लिए किया जाता था ताकि किसी को उन पर किसी तरह का शक ना हो। लोगों के स्वास्थ्य से हो रहे खिलवाड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परिसर से 50,000 से अधिक दूषित खाद्य पैकेट जब्त किए हैं। इसके साथ ही इस पूरे प्रकरण में शामिल लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। सभी आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2006 के प्रावधानों और कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
FSSAI द्वारा की जा रही अपील
बता दें, भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण उपभोक्ता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट, गलत ब्रांडिंग और धोखाधड़ी के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता नीति अपनाता है। FSSAI आम जनता से अपील करता है कि वे नकली ब्रांडों और संदिग्ध उत्पादों के किसी भी मामले की सूचना FSSAI को मोबाइल ऐप: फूड सेफ्टी कनेक्ट एप्लिकेशन (एंड्रॉइड और आईओएस पर उपलब्ध) या ऑनलाइन पोर्टल: FoSCoS शिकायत निवारण प्लेटफॉर्म (foscos.fssai.gov.in) के माध्यम से दें। (एएनआई)
ये भी पढ़ें- कोलकाता में पार्टी कार्यालय पर कब्जा करने के लिए शुरू हुई जंग