BRICS सम्मेलन से पहले FSSAI सख्त, 5-स्टार होटलों में खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस
नई दिल्ली। FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) ने ब्रिक्स (BRICS) सम्मेलन से पहले देश भर के प्रमुख 5-स्टार होटलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की। यह बैठक खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी।
हाइजीन और किचन सेफ्टी पर जोर
ANI सूत्रों के मुताबिक, "इस बैठक में मौजूदा नियमों के पालन, साफ-सफाई के मानकों, किचन सुरक्षा प्रोटोकॉल और कुल मिलाकर खाद्य सुरक्षा की समीक्षा पर ध्यान दिया गया। सभी प्रमुख 5-स्टार होटलों ने सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की बात कही और अपने मौजूदा नियमों के पालन के तरीकों में हुई सकारात्मक प्रगति की जानकारी दी।"
5-स्टार होटलों में बढ़े औचक निरीक्षण
सूत्रों ने आगे बताया कि FSSAI ने नियमों के उल्लंघन के मामलों में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। FSSAI ने साफ-सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 5-स्टार होटलों में औचक निरीक्षण (रैंडम इंस्पेक्शन) बढ़ा दिए हैं। हाल ही में, ANI ने दिल्ली के एयरोसिटी (Aerocity) में दो बड़े होटलों में किए गए निरीक्षण के बारे में भी रिपोर्ट दी थी, जिसमें कई कमियां पाई गई थीं।
JW मैरियट और होटल अंदाज के किचन में मिलीं खामियां
FSSAI ने दिल्ली के एयरोसिटी में दो बड़े होटलों - JW मैरियट और होटल अंदाज - के किचन का निरीक्षण किया। वहां बदबू, कॉकरोच और मक्खियां जैसी कमियां पाई गईं और कॉकरोच, मक्खियों व बदबू से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज की गईं। कुछ ब्रेड पैकेटों पर एक्सपायरी डेट वाले स्टिकर भी लगे मिले।
87 किलो एक्सपायर्ड मिठाइयां नष्ट
कन्फेक्शनरी एरिया में लगभग 87 किलोग्राम एक्सपायर्ड मिठाइयां मिलीं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पेस्ट्री सेक्शन में एक्सपायर्ड केक बेस, मक्खियां और कॉकरोच पाए गए। यह निरीक्षण लगभग दो दिनों तक चला और इस दौरान 59 कमियां दर्ज की गईं। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: SCO Summit: आतंकवाद पर PM मोदी का कड़ा संदेश, कहा- 'साझा भूगोल को साझा अवसरों में बदलना होगा'