सिर्फ यूपी ही नहीं, गंगा एक्सप्रेसवे से तीन राज्यों के विकास को मिलेगी रफ्तार
Ganga Expressway : गंगा एक्सप्रेस वे उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस वे होगा. यह एक्सप्रेस वे राज्य के 12 जिलों के औद्योगिक और कृषि के विकास को नई रफ्तार देने को तैयार है। यूपी की योगी सरकार की 594 किलोमीटर की यह महत्वाकांक्षी परियोजनाओं आने वाले दिनों में यूपी ही नहीं बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के विकास में भी अहम योगदान देगी। यूपी के प्रगागराज से मेरठ के बीच बन रहे देश के सबसे बड़े गंगा एक्सप्रेसवे पर माघ मेले के दौरान वाहन फर्राटा भरेंगे। एक्सप्रेसवे का काम अंतिम चरण में है। तीसरे चरण का 10 से 15 फीसदी काम ही बाकी है। यूपी शासन ने 31 दिसंबर तक एक्सप्रेसवे का काम हर हाल में पूरा करने की समय सीमा जारी कर दी है।
गंगा एक्सप्रेसवे" प्रदेश के 12 जिलों (मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायू, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज) से होकर गुजरेगा और यह लगभग 518 गांवों को जोड़ेगा। इससे इन जिलों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और विकास के अवसर मिलेंगे। यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 594 किमी लंबा है और कई इंटरचेंज व सर्विस रोह के साथ छह लेन का बनाया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत चौथे चरण का काम उन्नाव के आंशिक भाग से रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए प्रयागराज के सोरांव स्थित जुड़ापुर दांदू तक पूरा हो गया है।
एक्सप्रेसवे के काम को चार चरणों में बांटा गया
594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का काम दो नवंबर 2022 को शुरू हुआ था। एक्सप्रेसवे के काम को चार चरणों में बांटा गया। इनमें चौथे चरण के तहत उन्नाव से प्रयागराज तक कुल 156.847 किलोमीटर का काम हो गया है। यूपीडा केे एसीईओ हरप्रताप शाही ने बताया कि परियोजना की कुल लागत पांच हजार 626 करोड़ रुपये है। फिलहाल छह लेन का निर्माण हो रहा है, लेकिन भविष्य की मांग को देखते हुए एक्सप्रेसवे को आठ लेन करने की योजना भी बनाई गई है।
आगरा एक्सप्रेस वे की ही तरह इस एक्सप्रेसवे पर भी शाहजहांपुर क्षेत्र से गुजरने वाले 3.5 किमी एक्सप्रेसवे को हवाई पट्टी के रूप में तैयार किया गया है। यहां वायुसेना के लड़ाकू विमान दिन व रात दोनों समय उतर सकेंगे। लड़ाकू विमान यहां पूर्वाभ्यास भी कर सकेंगे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से हवाई पट्टी के दोनों किनारों पर 250 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुविधा के लिए पेट्रोल पंप, रेस्टोरेंट, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन केंद्र, विश्राम स्थल, पुलिस चौकी और ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन जैसी कई आधुनिक सुविधाएं रहेंगी। साथ ही इसमें 3.5 किमी लंबी हवाई पट्टी (शाहजहांपुर में) और औद्योगिक विकास के लिए लॉजिस्टिक्स पार्क भी बनाए जाएंगे, जिससे आवागमन आसान होगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/pm-modi-speaks-in-parliament-on-the-150th-anniversary-of-vande-mataram/100373