भारत

करवा चौथ पर सोने में मंदी पर चांदी में उछाल

करवा चौथ पर सोने में मंदी पर चांदी में उछाल

सफेद धातु में अगले साल तक बीस फीसदी तेजी का अनुमान

नई दिल्ली।  भारत के सर्राफा बाजार में करवा चौथ के दिन सोने और चांदी की कीमतों में अलग अलग ट्रेंड देखने को मिला। शादीशुदा महिलाओं के प्रमुख व्रत पर सोने-चांदी की खरीदारी भी जमकर होती है। इस त्योहार पर सोने के भाव में गिरावट दर्ज की गई है वहीं चांदी के भाव में भारी उछाल दर्ज किया गया है। देश की राजधानी दिल्ली, जयपुर, नोएडा, लखनऊ, गाजियाबाद के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने की कीमत 600 सौ रूपये गिरकर 1,26, रुपये रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी की दिल्ली सर्राफा बाजार में कीमत 8500 रूपये बढ़कर 1,71,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही। 

सर्राफा बाजार विश्लेषकों ने कहा, फेडरल रिजर्व से नरम मौद्रिक नीति का संकेत मिला है। उनका मानना है कि जब तक वैश्विक जोखिम भावना महत्वपूर्ण रूप से स्थिर न हो जाए, फेडरल रिजर्व के ब्याज दर में कटौती, अमेरिका में राजकोषीय अनिश्चितता और लगातार आपूर्ति की कमी निकट अवधि में चांदी में तेजी को कायम रख सकती है। वैश्विक स्तर पर सोना 16.61 डॉलर बढ़कर 3,992.80 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया। चांदी 1.52 फीसदी चढ़कर 50.01 डॉलर प्रति औंस रही। बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी पहली बार 51 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गई थी।

बाजार सूत्रों के मुताबिक चांदी के दाम मांग के मुकाबले करीब 20% तक कम आपूर्ति के कारण आसमान छू रहे हैं। जानकारों का कहना है कि मौजूदा स्तरों से चांदी का भाव अगले सालभर में 20% तक बढ़ सकता है। साथ ही उनकी यह भी सलाह है कि उत्साही में आकर बड़ी मात्रा में खरीदारी से बचना चाहिए।

शुक्रवार को MCX पर सिल्वर 1.7% चढ़कर 1,48,800 रुपये प्रति किलो पर था, वहीं इंटरनैशनल मार्केट में 2.6% की तेजी के साथ 48.4 डॉलर प्रति औंस पर था। वहीं, इंटरनैशनल और डोमेस्टिक प्राइस में अंतर पिछले करीब एक महीने में 0.5% से बढ़कर 5.7% हो जाने का हवाला देते हुए कोटक म्यूचुअल फंड ने कोटक सिल्वर ETF फंड ऑफद फंड में सब्सक्रिप्शन कुछ समय के लिए रोक दिया है।

एमके वेल्थ मैनेजममेंट ने अपनी रिपोर्ट में कहा, 'अगले सालभर में सिल्वर का भाव 60 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है यानी मौजूदा स्तर से 20% चढ़ सकता है। ऐसा इंडस्ट्रियल डिमांड बढ़ने के चलते होगा। अभी डिमांड के मुकाबले सप्लाई 20% कम है और आने वाले दिनों में भी कमी बने रहने का अनुमान है।'

ऑल इंडिया जूलर्स एंड गोल्ड फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव और Kedia Fintech.com के फाउंडर नितिन केडिया ने कहा, 'ET'F' की बढ़ती मांग ने फिजिकल मार्केट में चांदी का भाव आसमान पर पहुंचा दिया है। भारत के थोक बाजारों में चांदी MCX रेट से करीब 20000 रुपये प्रति किलो महंगी विक रही है। वहीं, COMEX फ्यूचर और स्पॉट मार्केट के बीच 250 सेंट का अंतर अब तक का सबसे ऊंचा है, जो गहरे सप्लाई संकट की ओर इशारा कर रहा है।' उन्होंने कहा, 'गोल्ड-सिल्वर रेशियो 78.8 तक गिर चुका है, जो इस बात का संकेत है कि निवेशकों का झुकाव अब तेजी से चांदी की ओर बढ़ रहा है।'

वेल्थ मैनेजमेंट के प्रोडक्ट्स हेड आशीष रानावडे ने कहा, 'इंस्टिट्यूशनल इनवेस्टर और तमाम देशों के केंद्रीय बैंक डॉलर के मुकाबले गोल्ड को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसके चलते कीमती धातुओं में तेजी चल रही है। डिमांड-सप्लाई का समीकरण सिल्वर के दामों में तेजी को हवा दे रहा है और टेक्निकल तौर पर ऑल टाइम प्राइसेज के लिए ब्रेक आउट जोन के करीब है।' रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिका में इंटरेस्ट रेट घटने की संभावना है और ऐसा होने पर डॉलर और नीचे आएगा, जिससे कीमती धातुओं के भाव चढ़ेंगे।