राहुल गांधी पर हिमंत सरमा का तंज, कांग्रेस के बार-बार री-लॉन्च करने पर उठाए सवाल
गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें एक ऐसा सनातन युवा उत्पाद बताया जो कभी बड़ा नहीं होता और कभी परिपक्व नहीं होता। गुवाहाटी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए सरमा ने अपनी उम्र के बावजूद गांधी को युवा नेता के रूप में पेश करने के लिए कांग्रेस का मज़ाक उड़ाया और व्यंग्य करते हुए कहा कि इसी तर्क के अनुसार, वह भी जेन ज़ेड (Gen Z) होने का दावा कर सकते हैं।
राहुल गांधी पर हिमंत बिस्वा सरमा का तंज
उन्होंने कहा, मैं प्रधानमंत्री से सहमत हूं कि कांग्रेस पार्टी हर साल उसी उत्पाद को फिर से लॉन्च करने का प्रयास कर रही है। आज कांग्रेस पार्टी 57 वर्ष के सज्जन व्यक्ति को भी युवा और जेन ज़ेड मानती है। उस तर्क से मैं भी जेन ज़ेड होता, क्योंकि मैं 57 वर्ष का हूं। कांग्रेस नेतृत्व का मज़ाक उड़ाते हुए सरमा ने कहा कि विपक्षी पार्टी को एक ऐसा सदाबहार चेहरा मिल गया है जो उम्र और प्रगति को मात देता है। सरमा ने टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस ने भारत के लिए एक उत्पाद खोजा है- राहुल गांधी नाम का एक सनातन युवा उत्पाद। वह कभी बड़े नहीं होते और कभी परिपक्व नहीं होते। हर बार उन्हें एक युवा आइकन के रूप में फिर से लॉन्च किया जाता है।
कांग्रेस के राहुल गांधी को बार-बार री-लॉन्च करने पर सरमा का तंज
राजनीतिक असफलताओं और उसके बाद विदेशी दौरों के एक आवर्ती चक्र का वर्णन करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा, "मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री ने यही समझाया है- वे बार-बार एक असफल उत्पाद को लॉन्च करने की कोशिश करते हैं और हर बार जब वह असफल होता है तो राहुल गांधी खुद कूलिंग-ऑफ पीरियड के लिए विदेश चले जाते हैं। एक बार अवधि समाप्त हो जाने के बाद वह वापस लौटते हैं और कांग्रेस पार्टी उन्हें फिर से लॉन्च करने की कोशिश करती है। बता दें, सरमा की ये टिप्पणियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुरुवार को एनडीटीवी वर्ल्ड समिट में दिए गए उस बयान के बाद आईं, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर केवल एक असफल उत्पाद को लॉन्च करने के लिए देश की अंतर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठा को दांव पर लगाने का आरोप लगाया था।
ये भी पढ़ें- हिमाचल में चुनावी घमासान तेज, सीएम सुक्खू ने भाजपा की गुटबाजी पर साधा निशाना