‘मेरे पास इसका सबूत, कई लोगों के नाम काट दिए गए’, वोटर लिस्ट को लेकर राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर वोट चोरी और वोटर लिस्ट के मुद्दे को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि वोटर लिस्ट से कई लोगों के नाम काट दिए गए.
राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में अलंद एक निर्वाचन क्षेत्र है. किसी ने 6018 वोटों को हटाने की कोशिश की. हमें नहीं पता कि 2023 के चुनाव में अलंद में कुल कितने वोट हटाए गए. ये संख्या 6018 से कहीं ज्यादा है, लेकिन कोई उन वोटों को हटाते हुए पकड़ा गया, और यह संयोग से हुआ. वहां के बूथ लेवल अधिकारी ने देखा कि उसके चाचा का वोट हटा दिया गया है.
राहुल गांधी ने कहा कि जब उसने जांच की कि उसके चाचा का वोट किसने हटाया. उसे पता चला कि वोट हटाने वाला एक पड़ोसी था. उसने अपने पड़ोसी से पूछा, लेकिन उन्होंने कहा कि मैंने कोई वोट नहीं हटाया. न तो वोट हटाने वाले व्यक्ति को और न ही जिसका वोट हटाया गया था, उसे इस बारे में पता था. किसी और ताकत ने इस प्रक्रिया को हाईजैक कर लिया और वोट हटा दिया.
'कई राज्यों के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया गया'
राहुल ने कहा, सबसे पहले, यह हाइड्रोजन बम नहीं है, हाइड्रोजन बम आने वाला है. यह इस देश के युवाओं को यह दिखाने और समझाने में एक और मील का पत्थर है कि चुनावों में किस तरह धांधली की जा रही है?
उन्होंने कहा कि अलंद में मतदाताओं के नाम पर 6018 आवेदन दाखिल किए गए, जिन लोगों ने ये आवेदन दाखिल किए, उन्होंने वास्तव में इन्हें कभी दाखिल ही नहीं किया. सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करके ये आवेदन ऑटोमैटिक दाखिल किए गए. मतदाताओं के नाम को हटाने के लिए कई राज्यों के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया गया.
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/pakistan-team-will-not-play-matches-against-uae-will-boycott-asia-cup/47241