उत्तर और मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक लू का अलर्ट जारी
नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों के लिए लू (हीट वेव) का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी की स्थिति जारी रहने की संभावना है।
कई राज्यों में लू चलने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 27 जून को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार और गुजरात के कुछ अलग-अलग इलाकों में लू चलने की प्रबल संभावना है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जो बाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहने में बदल सकता है।
दिल्ली में लू के बीच हल्की बारिश के आसार
दिल्ली के कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनी रहेगी, जबकि 27 अप्रैल की दोपहर या शाम तक गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। विभाग ने सलाह दी है कि लोग लंबे समय तक धूप के संपर्क में रहने से बचें। हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें और बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें।
सरकार ने एक्शन प्लान लागू करने के दिए निर्देश
बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को अधिकारियों को 'हीट वेव एक्शन प्लान 2026' को जमीन पर सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। गर्मी की बढ़ती गंभीरता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने एक चिंताजनक आंकड़े का जिक्र किया कि पिछले दो-तीन वर्षों में दिल्ली में लगातार लगभग 40 दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।
बच्चों और मजदूरों के लिए खास इंतजाम
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के मुताबिक स्कूली बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार आवश्यकता पड़ने पर स्कूल से छुट्टी के समय उन्हें ओआरएस (ORS) घोल पिला सकती है ताकि घर लौटते समय उनमें डिहाइड्रेशन का खतरा न रहे। इसके अलावा, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के लिए दोपहर की भीषण गर्मी के दौरान सुरक्षा के कड़े उपाय लागू किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/journalist-jailed-in-pakistan-amid-press-freedom-crisis/179506