बैठक में आतंकवाद को लेकर भारत और इजराइल का सख्त रुख... कई मुद्दों पर हुई बात
नई दिल्ली : इजरायली विदेश मंत्री ने मंगलवार को कहा, इजरायल एक अनोखी स्थिति का सामना कर रहा है, जिसे मैं आतंकवादी राज्य कहता हूं. गाजा में हमास, लेबनान में हिज्बुल्लाह और यमन में हूथी जैसे कट्टरपंथी आतंकवादी संगठनों ने पिछले दशकों में खुद को स्थापित किया है. विदेश मंत्री एस जयशंकर और इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार के बीच बैठक हुई. इस बैठक में वैश्विक नीति, व्यापार, कनेक्टिविटी, आतंकवाद के मुद्दे पर बात हुई.
इजराइली विदेश मंत्री ने कहा कि हमारे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए इन्हें उखाड़ फेंकना जरूरी है. हमास जैसे आतंकवादी संगठन का उन्मूलन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना के केंद्र में है. हमास को निशस्त्र किया जाना चाहिए और गाजा को विसैन्यीकृत किया जाना चाहिए. हम इससे समझौता नहीं करेंगे.
गिदोन सार ने कहा कि इजरायल एक क्षेत्रीय महाशक्ति और फलता-फूलता लोकतंत्र है. भारत एक वैश्विक महाशक्ति, दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है. हमारा लक्ष्य देशों के बीच एक दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी बनाना है. हम इसे पूरा करेंगे. इजरायल ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी भारत का खुले दिल से समर्थन किया था. दोनों ही देश आतंक से पीड़ित हैं. ऐसे में दोनों ही देश आतंक पर एक राय बनाते हुए नजर आते हैं.
जानें बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने क्या कहा?
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि आपकी यात्रा हमें हमारे द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करने और इसे और गहरा करने की संभावनाओं का आकलन करने का अवसर प्रदान करती है. हाल ही में हमारे द्विपक्षीय निवेश समझौते का निष्कर्ष उस दिशा में एक उल्लेखनीय कदम है. यह भी उल्लेखनीय है कि आपके कृषि, अर्थव्यवस्था, पर्यटन और वित्त से जुड़े मंत्री हाल ही में भारत का दौरा कर चुके हैं.
उन्होंने कहा कि आज हमारे गतिशीलता समझौतों के परिणामस्वरूप भारतीय कामगारों की संख्या इज़राइल में बढ़ रही है. उन्हें कुछ ऐसी समस्याएं हैं, जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता है और मुझे आशा है कि हम अपने संबंधों के इस पहलू को आगे बढ़ा सकेंगे. हाल के समय में भारत ने कई नई क्षमताएँ विकसित की हैं. विशेष रूप से रेल, सड़क और बंदरगाह अवसंरचना, नवीकरणीय ऊर्जा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में. हमारे व्यवसाय इज़राइल में अवसरों की खोज के प्रति अत्यंत उत्सुक हैं और हम निश्चित रूप से इस दिशा में और ध्यान देना चाहेंगे.
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि हम कृषि और नवाचार के क्षेत्रों में मिलकर काम करने का एक मजबूत रिकॉर्ड भी रखते हैं. इन प्रयासों को आगे बढ़ाना हमारे पारस्परिक हित में है.
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/train-accident-in-bilaspur-many-people-died-railways-announced-compensation/96559
Bilaspur Train Accident : बिलासपुर में बड़ा ट्रेन हादसा हो गया. इस हादसे में बताया जा रहा है कि 5 लोगों की मौत हो गई है. पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर हो गई. यह हादसा शाम 4 बजे के आस पास की है. यह हादसा बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन के लाल खदान इलाके में हुआ. इसी पर ही साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने बयान जारी किया. दुर्धटना में घायलों और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है.