भारत-बांग्लादेश मैच बारिश के कारण रद्द, मेजबान टीम की अब ऑस्ट्रेलिया से सेमीफाइनल में भिड़ंत
IND W vs BAN W : भारत और बांग्लादेश के बीच आईसीसी महिला वर्ल्ड कप क्रिकेट 2025 का अंतिम लीग मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। लीग मैच के रद्द होने के कारण दोनों टीमों ने आपस में एक-एक अंक बांटे। भारत का मुकाबला अब सेमीफाइनल में 30 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के साथ होगा।
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गये 28वें और आखिरी लीग मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का है फैसला किया। बारिश से प्रभावित मैच में मेहमान बांग्लादेश ने पहले खेलते हुए 27 ओवर में 9 विकेट पर 119 रन बनाए। बारिश से बाधा के बाद डकवर्थ-लुईस नियम के आधार पर भारत को जीत के लिए 126 का लक्ष्य मिला। मेजबान भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 8.4 ओवर में बिना किसी नुकसान के 57 रन बना लिए थे, लेकिन फिर से बारिश के बाद मैच को रोक दिया गया और इसके बाद उसे बिना किसी नतीजे के ही समाप्त घोषित कर दिया गया।
इससे पहले बारिश की वजह से मैच देर से शुरू हुआ। लीग मैच को पहले घटाकर पहले 43-43 ओवर का किया गया, लेकिन फिर दोबारा बारिश होने की वजह से (12.2 ओवर के बाद) इसे घटाकर 27-27 ओवर का कर दिया गया था। इसके बावजूद ये मैच पूरा नहीं खेला जा सका और फिर इसे रद्द करना पड़ा।
भारतीय पाली की शुरूआत सलामी बल्लेबाजों स्मृति मंधाना और अमनजोत कौर ने की। स्मृति मंधाना ने 27 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से नाबाद 34 रन की पारी खेली जबकि अमनजोत कौर ने 2 चौकों के साथ नाबाद 15 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 57 रन की शानदार साझेदारी हुई।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी को उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर सुमैया अख्तर 2 रन बनाकर रेणुका सिंह का जबकि रुबिया हैदर झेलिक 13 रन बनाकर दीप्ती शर्मा का शिकार बनीं। निगार सुल्ताना 9 रन के स्कोर पर रन आउट हो गईं। सोभना मोस्तरी ने 26 रन की पारी खेली और राधा यादव की गेंद पर आउट हुईं। नाहिदा 3 रन जबकि शरमीन अख्तर 36 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गईं। इसके अलावा राबिया खान ने 2 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा दिया। रितु मोनी ने 11 रन की पारी खेली। अमनजोत कौर ने शोरना को 2 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। भारत के लिए राधा यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए जबकि श्री चरणी ने 2 तो वहीं रेणुका सिंह, दीप्ती शर्मा और अमनजोत कौर ने एक-एक विकेट लिए।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/yogi-government-will-provide-free-seed-mini-kits-to-more-than-one-lakh/95536