रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक का शक्ति प्रदर्शन, रेवंत रेड्डी बोले- मोदी को हराने आई वानर सेना
नई दिल्ली। चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित धांधली के विरोध में इंडिया गठबंधन ने रविवार को राजधानी दिल्ली में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। 'चलो दिल्ली' महामार्च के तहत मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक निकले इस मार्च में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और ममता बनर्जी समेत विपक्ष के तमाम बड़े दिग्गज एक मंच पर नजर आए।
रेवंत रेड्डी का तीखा हमला: 'रावण रूपी मोदी को हराने आई वानर सेना'
रैली से पहले तेलंगाना भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना रावण से कर दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की यह वानर सेना वोट चोरी के खिलाफ निर्णायक जंग लड़ने दिल्ली पहुंची है।
रेवंत रेड्डी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि अब तक 13.5 करोड़ गरीबों के वोट काटे जा चुके हैं और आने वाले दिनों में 20 करोड़ और वोट हटाने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेनों को रोके जाने के बावजूद लोग भारी संख्या में रामलीला मैदान पहुंचे हैं।
राहुल गांधी का आरोप: 'बीजेपी ने जबरन बंद कराईं कनॉट प्लेस की दुकानें'
रैली स्थल पर पहुंचने से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर बीजेपी सरकार पर हमला बोला। राहुल ने कहा कि हमने रैली में आ रहे लोगों से कनॉट प्लेस में खरीदारी करने की अपील की थी, लेकिन बीजेपी ने व्यापारियों का नुकसान कराते हुए जबरन सारी दुकानें बंद करवा दीं।
विपक्ष ने की मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
इस महामार्च में तेलंगाना सरकार के सलाहकार वी. हनुमंत राव ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार छीनकर गरीबों से राशन, रोजगार और शिक्षा छीनी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुद ओबीसी वर्ग से आने वाले प्रधानमंत्री के कार्यकाल में पिछड़ों को दरकिनार किया जा रहा है और राहुल गांधी उनके हक की लड़ाई लड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सांकेतिक महाभियोग चलाने के बाद विपक्षी दलों ने अब ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। विपक्ष का साफ तौर पर आरोप है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। (इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की 'चलो दिल्ली' रैली, राहुल गांधी का बीजेपी पर CP दुकानें बंद कराने का आरोप