भारत ने अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की निंदा की
नयी दिल्ली: भारत ने अफगानिस्तान के कुछ हिस्सों में पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करते हुए मंगलवार को कहा कि एक संप्रभु पड़ोसी देश के खिलाफ ‘‘इस तरह की आक्रामकता’’ क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को प्रभावित करती है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस वार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘हम पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों, खासकर अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों में की गई हवाई बमबारी की कड़ी निंदा करते हैं। इन हवाई हमलों में कई आम नागरिक मारे गए हैं।’’
क्षेत्रीय शांति पर जताई चिंता
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘एक संप्रभु पड़ोसी देश के खिलाफ आक्रामकता की ऐसी घटनाएं क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के खिलाफ हैं। इससे क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा प्रभावित होती है और यह पाकिस्तान की ओर से आक्रामकता का एक और उदाहरण है।’’ उन्होंने हमलों में लोगों की मौत पर संवेदना जताते हुए कहा कि भारत को उम्मीद है कि घायल हुए लोग जल्द और पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे।
पाकिस्तान ने आतंकवादी ठिकानों पर हमले का दावा किया
पाकिस्तान ने सोमवार को कहा कि उसके सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान के साथ लगी सीमा वाले क्षेत्र में आतंकवादियों के शिविरों और ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिनमें कई आत्मघाती हमलावरों समेत 28 आतंकवादी मारे गए। अफगान तालिबान सरकार ने सोमवार को कहा कि उसके पूर्वी प्रांतों कुनार और पक्तिका में पाकिस्तानी हवाई हमलों में तीन आम नागरिक मारे गए और चार अन्य घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक लोकायुक्त का आठ अधिकारियों के 33 ठिकानों पर छापा; 29.62 करोड़ रु. की बेनामी संपत्ति उजागर