इंडिगो संकट ने खोला भारतीय एविएशन की 'कमजोर नस' का राज
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का ऑपरेशनल ढांचा जिस तरह कुछ ही दिनों में चरमराया, उसने भारतीय एविएशन सेक्टर को झकझोर कर रख दिया है। रोज़ाना लाखों यात्रियों को उड़ान भराने वाली यह एयरलाइन अचानक इतने बड़े पैमाने पर ठप पड़ जाएगी—ऐसी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी। हवाईअड्डों पर उमड़ती भीड़, रातभर फंसे यात्री, जमीन पर खड़े हजारों विमान और एक एयरलाइन का पूरा सिस्टम अचानक बिखर जाना, यह संकट सिर्फ संख्या का खेल नहीं, बल्कि इस बात का सबूत है कि भारतीय एविएशन कितनी बारीक संतुलन पर टिककर चलता है। नए FDTL नियमों से पैदा हुए क्रू संकट ने कुछ ही दिनों में वह स्थिति बना दी, जहां इंडिगो का विशाल नेटवर्क मानो एक-एक करके अपने ही भार तले ध्वस्त होता दिखाई दिया।
इंडिगो संकट भारतीय एविएशन इतिहास के सबसे गंभीर व्यवधानों में से एक
इंडिगो के सामने पैदा हुआ मौजूदा ऑपरेशनल संकट भारतीय एविएशन इतिहास के सबसे गंभीर व्यवधानों में से एक बन चुका है, जिसने लाखों यात्रियों की यात्रा योजनाओं को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है। सामान्य दिनों में इंडिगो रोज़ाना 2,300 से अधिक उड़ानें संचालित करती है और लगभग 3.8 लाख यात्रियों को सेवा देती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में इसकी उड़ानों में जिस पैमाने पर कैंसिलेशन और देरी हुई है, वह इसके संपूर्ण परिचालन ढांचे पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। पिछले चार दिनों में ही 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी थीं और 500 से अधिक उड़ानें हर दिन घंटों देरी से उड़ान भर रही थीं। शनिवार को भी हालात में कोई सुधार नहीं दिखा और देशभर के एयरपोर्ट्स पर 350 से अधिक उड़ानें फिर से रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर रातभर हजारों यात्री फंसे रहे, जबकि एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ को भी यात्रियों के गुस्से और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। इंडिगो लगातार दावा कर रहा है कि स्थिति को सामान्य करने में 10 से 15 दिसंबर तक का समय लग सकता है, लेकिन यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन से अपडेट समय पर नहीं मिल रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति और बढ़ गई है।
FDTL नियम को बताया जा रहा इस संकट का मूल कारण
यह संकट अचानक नहीं आया। पायलटों और क्रू मेंबर्स के लिए लागू किए गए नए FDTL यानी फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियम इस संकट की मूल जड़ बताई जा रही है। DGCA ने 1 नवंबर से इन नियमों का दूसरा चरण लागू किया था, जिसके तहत पायलटों और क्रू को पर्याप्त आराम देने और सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई बदलाव किए गए थे। नए नियमों के अनुसार पायलटों को सात दिन में अनिवार्य 48 घंटे का रेस्ट देना था, रात की ड्यूटी लगातार दो शिफ्ट से अधिक नहीं हो सकती थी और नाइट लैंडिंग समेत कई ऑपरेशनल सीमाएं तय की गई थीं। इंडिगो पर इसका असर सबसे ज़्यादा पड़ा क्योंकि उसकी उड़ानें सबसे ज्यादा होती हैं और पायलट–क्रू की मांग अन्य एयरलाइंस के मुकाबले काफी अधिक है। परिणामस्वरूप पायलटों के रेस्ट बढ़ने के कारण अचानक बड़ी संख्या में क्रू की उपलब्धता कम हो गई और एयरलाइन का पूरा रोस्टरिंग सिस्टम चरमरा गया। DGCA ने इस अव्यवस्था को देखते हुए नए नियमों में इंडिगो को फरवरी 2026 तक अस्थायी छूट देने का निर्णय लिया है, परंतु इससे पहले ही नुकसान काफी बड़ा हो चुका है।
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
इसी बीच यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है जहां एक जनहित याचिका में बड़े पैमाने पर फ्लाइट कैंसिलेशन को यात्रियों के अधिकारों का उल्लंघन और मानवीय संकट बताया गया है। याचिका में अनुरोध किया गया है कि कोर्ट इस अव्यवस्था में तत्काल दखल दे और यात्रियों को सुरक्षा, मुआवज़ा और उचित विकल्प सुनिश्चित कराए। अदालत में यह भी कहा गया है कि इंडिगो जैसे विशाल नेटवर्क वाली एयरलाइन का इस तरह अचानक ठप पड़ जाना, पूरे देश के एविएशन सिस्टम पर खतरे की घंटी है और ऐसे मामलों के लिए पहले से मजबूत वैकल्पिक योजना होनी चाहिए।
श्रीनगर से सात आने और सात जाने वाली उड़ानें हुई रद्द
जम्मू और श्रीनगर एयरपोर्ट्स पर भी स्थिति गंभीर रही। जहां एक ओर इंडिगो ने जम्मू एयरपोर्ट से अपनी 11 में से 9 उड़ानें दोबारा शुरू कीं, वहीं श्रीनगर से शनिवार को सात आने वाली और सात जाने वाली उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। दरअसल पायलट–रोस्टरिंग से जुड़े संकट ने पूरे देश में उड़ानों की उपलब्धता गड़बड़ा दी है और पर्यटन वाले रूट भी इससे अछूते नहीं रहे। हालात यह हो गए कि श्रीनगर एयरपोर्ट लगभग सुनसान पड़ा रहा क्योंकि कई उड़ानें रद्द थीं और जो यात्रियों वहां पहुंचे थे, उनके लिए कोई निश्चित अपडेट नहीं था।
स्पाइसजेट मुंबई, दिल्ली सहित कई घरेलू रूट्स पर बढ़ाएगी उड़ानों की संख्या
इंडिगो संकट बढ़ते ही इसका असर अन्य एयरलाइनों पर भी दिखाई देने लगा। स्पाइसजेट ने मुंबई, दिल्ली और राज्य के भीतर कई घरेलू रूट्स पर अपनी उड़ानों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और इंडिगो की अस्थिरता को देखते हुए स्पाइसजेट ने ट्वीट कर बताया कि वह 6 दिसंबर से कई अतिरिक्त उड़ानें चला रहा है। स्पाइसजेट के चेयरमैन अजय सिंह ने कहा कि इंडिगो के संकट को देखते हुए अगले 2–3 दिनों में 100 अतिरिक्त उड़ानें संचालित की जाएंगी ताकि फंसे हुए यात्रियों को राहत दी जा सके। हालांकि बढ़ती मांग के कारण स्पाइसजेट, एयर इंडिया और अन्य एयरलाइंस के किराए अचानक कई गुणा बढ़ गए, जिससे यात्रियों पर आर्थिक बोझ और बढ़ गया। कुछ रूट्स पर तो टिकटें सामान्य से 8 से 10 गुना ज्यादा कीमत पर बिकती देखी गईं।
रेलवे ने 37 प्रीमियम ट्रेनों में लगाए 116 अतिरिक्त कोच
फ्लाइट्स के रद्द होने का एक और बड़ा असर रेलवे पर पड़ा है। हजारों यात्रियों ने मजबूरी में ट्रेन का विकल्प चुना, जिससे रेल नेटवर्क पर दबाव बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए रेलवे ने तुरंत 37 प्रीमियम ट्रेनों में 116 अतिरिक्त कोच लगाए, जिससे लगभग 35,000 यात्रियों को हर दिन राहत मिल सके। इसके अलावा सेंट्रल रेलवे ने 6 से 12 दिसंबर तक 8 विशेष ट्रेनें भी चलाने की घोषणा की, जो उन रूट्स पर चलेंगी जहां इंडिगो की उड़ानों के रद्द होने से यात्री ज्यादा प्रभावित हुए हैं। रेलवे का कहना है कि यदि जरूरत पड़ी तो और भी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया जा सकता है।
नगर विमानन मंत्रालय ने शुरू किया 24×7 कंट्रोल रूम
सरकार ने संकट को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है। नगर विमानन मंत्रालय ने 24×7 कंट्रोल रूम शुरू किया है जिसके टोल-फ्री नंबर जारी कर दिए गए हैं। सरकार ने इंडिगो को निर्देश दिया है कि रद्द हुई उड़ानों के लिए ऑटो रिफंड जारी किया जाए, अत्यधिक देरी होने पर होटल स्टे की व्यवस्था की जाए, दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों को प्राथमिकता से सहायता दी जाए और सभी यात्रियों को रियल-टाइम अपडेट उपलब्ध कराए जाएं। नियमों के अनुसार यदि कोई उड़ान छह घंटे से अधिक लेट होती है या रद्द कर दी जाती है, तो एयरलाइन को पूरा किराया वापस करना होता है या दूसरी उड़ान की बुकिंग करनी होती है। विशेष तौर पर रात 8 बजे से सुबह 3 बजे के बीच की उड़ानों में छह घंटे से अधिक की देरी होने पर एयरलाइन होटल और एयरपोर्ट ट्रांसपोर्ट की सुविधा देने की बाध्य होती है। यात्रियों की शिकायत है कि इंडिगो इन नियमों का पालन पूरी तरह नहीं कर रहा है, जिसके कारण एयरपोर्ट्स पर गुस्सा और अव्यवस्था और बढ़ रही है।
इंडिगो एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने मांगी माफी
इंडिगो एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने सार्वजनिक माफी जारी की है। उन्होंने कहा कि 5 दिसंबर सबसे प्रभावित दिन था जब 1,000 से अधिक उड़ानें कैंसिल हो गई थीं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि नए FDTL नियमों के लागू होने से क्रू मैनेजमेंट में बड़ी चुनौती आई है। एल्बर्स ने कहा कि राहत मिलने के बाद स्थिति को सामान्य करने की कोशिशें और तेज़ हो गई हैं और उम्मीद है कि 10 से 15 दिसंबर के बीच ऑपरेशंस सामान्य स्थिति में लौट आएंगे। हालांकि यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन की यह टाइमलाइन वास्तविकता से मेल नहीं खाती, क्योंकि कई रूट्स पर ऑपरेशनल स्टाफ की कमी अब भी बनी हुई है।
लोगों को समय पर नहीं मिल रहा अपडेट
स्थिति इतना बिगड़ी कि सोशल मीडिया पर कई वीडियो फैलने लगे जिनमें यात्रियों की निराशा साफ देखी जा सकती है। कहीं बुजुर्ग महिला घंटों लाइन में खड़ी दिखाई देती हैं, कहीं बच्चे अपने माता-पिता की गोद में सोते हुए एयरपोर्ट की फर्श पर लेटे नजर आते हैं, तो कहीं नाराज यात्री एयरलाइन स्टाफ से तीखी बहस करते दिखते हैं। इंडिगो यह दावा करता है कि वह यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट, रिफंड और होटल स्टे उपलब्ध करा रहा है, लेकिन यात्रियों का कहना है कि यह जानकारी उन्हें समय पर नहीं मिलती। देरी से अपडेट मिलने के कारण कई लोग एयरपोर्ट पर पहुंचते ही पता चलता है कि उनकी फ्लाइट रद्द हो चुकी है या 6-7 घंटे के लिए टाल दी गई है। इसी भ्रम और असमंजस की स्थिति ने टर्मिनलों पर भीड़ और तनाव को और बढ़ा दिया है।
एयरपोर्ट की ग्राउंड रियलिटी और भी चिंताजनक है। जब अचानक बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द होती हैं तो कुछ ही घंटों में टर्मिनल का पूरा सिस्टम ओवरलोड हो जाता है। चेक-इन काउंटर्स पर लंबी कतारें लग जाती हैं, बैगेज हैंडलिंग सिस्टम प्रभावित होता है और सिक्योरिटी चेक में भीड़ बढ़ जाती है। कई यात्रियों ने शिकायत की है कि उन्हें रिफंड के लिए घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ा, जबकि कुछ लोगों ने यह भी कहा कि वह एयरलाइन स्टाफ से बात नहीं कर पाए क्योंकि स्टाफ खुद कम था और भीड़ संभालने में व्यस्त था। एक यात्री ने कहा कि ‘गुस्सा होना गलत नहीं, गुस्सा दिखाने के अलावा हमारे पास कोई विकल्प ही नहीं बचा था।’
मंत्री राम मोहन नायडू ने उच्च-स्तरीय जांच की कही बात
सरकार ने इस अव्यवस्था को बेहद गंभीरता से लिया है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि इंडिगो की उड़ानों में देरी और कैंसिलेशन के कारण हो रही मौजूदा बाधाओं की एक उच्च-स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जवाबदेही तय की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न हो। DGCA द्वारा नियुक्त जांच समिति में चार वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट पेश करनी है। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी, जिसमें एयरलाइन की लापरवाही सामने आने पर दंडात्मक कदम भी शामिल हो सकते हैं।
इंडिगो ने भी अपने स्तर पर कुछ राहत कदमों की घोषणा की है। उसने कहा है कि 5 दिसंबर से 15 दिसंबर के बीच की गई सभी बुकिंग्स का रिफंड ऑटोमैटिकली प्रोसेस किया जाएगा। यात्रियों को बताया गया है कि वे रीशेड्यूलिंग के लिए भी आसानी से आवेदन कर सकते हैं और इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि वास्तविकता में यात्रियों के लिए यह प्रक्रिया सुचारू नहीं है और कई लोगों का कहना है कि ऐप और वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही। कई यात्री कस्टमर केयर से संपर्क नहीं कर पा रहे, जिससे उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है।
इंडिगो धीरे-धीरे उड़ानों को दोबारा शुरू कर रहा है लेकिन फिलहाल एयरलाइन कम संख्या में उड़ानें ऑपरेट कर रही है ताकि उपलब्ध स्टाफ के साथ संचालन स्थिर रखा जा सके। फिर भी यात्रियों का कहना है कि उन्हें स्पष्ट टाइमलाइन और सही अपडेट की जरूरत है क्योंकि एयरलाइन एक बार फ्लाइट दिखाती है, फिर अचानक उसे डिले पर डाल देती है और फिर कुछ घंटे बाद कैंसिलेशन का मैसेज भेज देती है। इस तरह की अनिश्चितता यात्रियों के लिए कहीं अधिक परेशानी पैदा कर रही है।
DGCA, रेलवे व अन्य एयरलाइंस ऑपरेशन स्थिर करने पर कर रहे काम
इस बीच सरकार, DGCA, रेलवे और अन्य एयरलाइंस लगातार ऑपरेशन स्थिर करने पर काम कर रहे हैं। एयरस्पेस में अतिरिक्त फ्लाइट्स, ग्राउंड पर अतिरिक्त कोच, यात्रियों के लिए कंट्रोल रूम, और DGCA नियमों में अस्थायी छूट—ये सभी कदम मिलकर स्थिति को बेहतर करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन यह भी स्पष्ट है कि इंडिगो को अपने क्रू मैनेजमेंट सिस्टम, रोस्टरिंग प्रक्रिया, पायलट ग्राउंड-ट्रेनिंग बैकलॉग और अपने कम्युनिकेशन मैकेनिज़्म में सुधार करने की जरूरत है। यह संकट केवल मौजूदा दिन की समस्या नहीं था—यह एक चेतावनी है कि यदि एविएशन जैसे संवेदनशील क्षेत्र में ‘स्टाफिंग प्लानिंग’ को सही तरीके से नहीं संभाला गया, तो यह पूरे सिस्टम को कुछ ही दिनों में ठप कर सकता है।
आगे के दिनों में यह देखा जाएगा कि इंडिगो इस संकट से कैसे उबरता है, यात्रियों का भरोसा कैसे वापस आता है और DGCA की जांच में क्या निष्कर्ष निकलते हैं। उम्मीद है कि 10 से 15 दिसंबर के बीच ऑपरेशंस सामान्य हो जाएंगे, लेकिन यात्रियों की यादों में यह संकट लंबे समय तक रहेगा कि कैसे देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कुछ दिनों में इतने बड़े संकट में फंस गई और कैसे लाखों यात्रियों की यात्रा योजनाएं एक-एक करके ढहती चली गईं। इस पूरी घटना ने यह भी साबित किया है कि किसी भी एयरलाइन की मजबूती सिर्फ उसके बेड़े के आकार में नहीं, बल्कि उसके सिस्टम, प्लानिंग और जवाबदेही में होती है।
इंडिगो संकट पूरे सेक्टर के लिए एक चेतावनी
इंडिगो भले ही दावा करे कि 10 से 15 दिसंबर के बीच उसके ऑपरेशंस सामान्य हो जाएंगे, लेकिन इस संकट ने एक कठोर सच्चाई उजागर कर दी है—भारत जैसे विशाल और तेजी से बढ़ते एविएशन मार्केट में योजनाओं की छोटी-सी चूक भी लाखों लोगों की ज़िंदगियों को एक साथ प्रभावित कर सकती है। DGCA की जांच, सरकारी दखल, रेलवे और अन्य एयरलाइंस की आपात राहत—सब मिलकर हालात सुधारने में जुटे हैं, लेकिन यात्रियों के भरोसे पर पड़ा यह दाग आसानी से नहीं मिटेगा। यह हादसा सिर्फ इंडिगो के लिए नहीं, बल्कि पूरे सेक्टर के लिए एक चेतावनी है कि तकनीक, समय, और संसाधन तभी कारगर हैं जब उनके पीछे मजबूत मानव-बल, बेहतर प्लानिंग और पारदर्शिता हो। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि इंडिगो इस सबसे बड़े संकट से खुद को कितनी मजबूती से निकालता है—और क्या यात्री दोबारा उस भरोसे के साथ उसकी उड़ानों में कदम रख पाएंगे, जैसा कभी रखा करते थे।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/humayun-kabir-laid-the-foundation-stone-of-the-babri-masjid/100145