अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: PM मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने दीं शुभकामनाएं, योग को बताया वैश्विक जन-आंदोलन
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर PM मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज नेताओं ने देशवासियों के साथ पूरे विश्व को शुभकामनाएं दी हैं। PM मोदी ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य से लेकर आंतरिक शांति तक जीवन के हर पहलू को समृद्ध करता है।
योग संतुलित और संयमित जीवन जीने का मार्ग- राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया 'X' पर लिखा है कि ''योग केवल स्वस्थ शरीर का आधार नहीं है, बल्कि संतुलित और संयमित जीवन जीने का मार्ग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के परिणामस्वरूप भारत की सांस्कृतिक विरासत आज एक वैश्विक जन-आंदोलन बन चुकी है।'' साथ ही उन्होंने लिखा है कि ''योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की उस शक्ति का प्रतीक है, जो संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर रही है। आइए, इस योग दिवस पर हम सभी स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लें।''
योग जीवन को संतुलित कर सकारात्मकता को बढ़ावा देने का मार्ग- अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने 'एक्स' पर पोस्ट कर देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामना दी। उन्होंने लिखा है कि योग के अभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ शरीर, शांतिपूर्ण मन और धैर्य से भरा जीवन प्राप्त करता है। यह न केवल एक व्यायाम है, बल्कि जीवन को संतुलित करने और सकारात्मकता को बढ़ावा देने का एक मार्ग भी है। PM मोदी के नेतृत्व में योग को आज दुनिया भर में जीवनशैली के रूप में अपनाया जा रहा है। आइए हम योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ, सशक्त और संतुलित जीवन की ओर बढ़ने का संकल्प लें।
योग भारतीय ऋषियों का विश्व को दिया गया अमूल्य उपहार- नितिन नबीन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है कि ''योग भारतीय ऋषियों द्वारा विश्व को दिया गया वह अमूल्य उपहार है, जो तन और मन के संतुलन के साथ आत्मिक शांति का मार्ग प्रशस्त करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग एक वैश्विक जन-आंदोलन बन चुका है। आइए, ''स्वस्थ भारत, सशक्त भारत' के संकल्प के साथ योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।''
योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार- पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है कि ''योग सिर्फ व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। आइए, योग को अपनाकर निरोग, ऊर्जावान और सकारात्मक भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।''
योग ने संपूर्ण विश्व को स्वास्थ्य और कल्याण का मार्ग दिखाया- शिवराज सिंह चौहान
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'X' पर लिखा है कि ''अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और योग साधकों को सादर प्रणाम। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का सशक्त माध्यम है। यह हमें स्वस्थ तन, प्रसन्न मन और सकारात्मक जीवन की दिशा प्रदान करता है। भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर ने आज संपूर्ण विश्व को स्वास्थ्य और कल्याण का मार्ग दिखाया है।''
पीएम मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान
साथ ही शिवराज सिंह चौहान ने लिखा है कि ''पीएम मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और आज यह विश्वभर में स्वस्थ जीवनशैली का अभिन्न अंग बन चुका है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आइए, हम सभी संकल्प लें कि योग को केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएंगे।''