स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों का बड़ा

स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' के 200 से अधिक ऑपरेटिव्स गिरफ्तार

Representative Image (File Photo)

नई दिल्ली। आतंकवाद के प्रति भारत की 'जीरो-टॉलरेंस' (सख्त रवैये) की नीति को कायम रखते हुए, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI-समर्थित और पाकिस्तान-आधारित आतंकी गुट 'शहज़ाद भट्टी नेटवर्क' को खत्म कर दिया और 200 से अधिक सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके विध्वंसक हमलों की साजिशों को नाकाम कर दिया। सीमा-पार आतंकवाद के प्रति 'जीरो-टॉलरेंस' नीति के तहत, 14 राज्यों में कुल 253 लोगों को हिरासत में लिया गया और शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ 80 से अधिक FIR दर्ज की गईं और 200 गिरफ्तारियां की गईं।

253 लोगों को हिरासत में लिया गया

गृह मंत्रालय (MHA) ने बताया कि आजादी के दिन के आस-पास शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़ी गड़बड़ी की साजिशों को नाकाम करने के लिए, 12 अगस्त को राज्य पुलिस बलों के साथ मिलकर रियल-टाइम इंटेलिजेंस-शेयरिंग सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए कई राज्यों में एक साथ ऑपरेशन चलाया गया। इसके तहत 14 राज्यों में कुल 253 लोगों को हिरासत में लिया गया। उत्तर प्रदेश (62), हरियाणा (52), दिल्ली (51), पंजाब (44), राजस्थान (15), महाराष्ट्र (8), उत्तराखंड (5), कर्नाटक, गुजरात और बिहार (हर एक में 3), और तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, J&K और केरल (हर एक में 2) – साथ ही दिल्ली और कर्नाटक में नई FIR भी दर्ज किए गए।

अमित शाह ने ऑपरेशन की जानकारी साझा की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'एक्स' पर पोस्ट कर यह घोषणा की और बताया कि यह नेटवर्क कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित आतंकी गुट 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' को खत्म कर दिया और 200 से अधिक ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार कर उसके विध्वंसक हमलों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग जगहों पर एक साथ ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया, जो आतंकवाद के प्रति भारत की 'जीरो-टॉलरेंस' नीति का एक बेहतरीन उदाहरण है। ISI से फंड पाने वाले इस गुट से भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई। इसमें IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्टरी के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले CCTV कैमरे शामिल हैं। यह नेटवर्क कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था।"

IED और पाकिस्तान निर्मित ग्रेनेड बरामद

गृह मंत्रालय के मुताबिक, पाकिस्तान स्थित और ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' का संबंध पूरे भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों और टारगेटेड हत्याओं से है। शहजाद भट्टी नेटवर्क स्थानीय लोगों को पुलिस, रक्षा और धार्मिक स्थलों की रेकी करने और जासूसी के लिए CCTV कैमरे लगाने के लिए पैसे भी देता रहा है।

सीमा-पार कनेक्शन की जांच तेज

गृह मंत्रालय ने बताया कि कुल मिलाकर, SBN के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट, नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत 80 से अधिक FIR दर्ज की गई हैं और 200 से अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं। बरामद सामान में IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले CCTV कैमरे शामिल हैं, जो इस नेटवर्क के सीधे सीमा-पार कनेक्शन की पुष्टि करते हैं। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: अमृतसर पुलिस ने किया आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 4 नाबालिगों समेत 9 गिरफ्तार