दिल्ली में E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ केजरीवाल का प्रदर्शन, PM मोदी से इथेनॉल आयात रोकने की मांग
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली में E20 पेट्रोल पॉलिसी लागू करने के विरोध में प्रधानमंत्री आवास की ओर एक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में नहीं आना चाहिए और उन्होंने अमेरिका से इथेनॉल के आयात को तुरंत रोकने की मांग की।
केजरीवाल बोले- ट्रंप के दबाव में न आए सरकार, E20 ईंधन थोपना बंद करे केंद्र
उन्होंने पीएम मोदी से देश पर E20 ईंधन को जबरन थोपना बंद करने का की अपील की। केजरीवाल ने कहा, "मैं कहना चाहता हूं कि पीएम मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दबाव में नहीं आना चाहिए। उन्हें अमेरिका से इथेनॉल खरीदना बंद करना चाहिए और हमारे देश पर E20 थोपना बंद करना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री हमें बुलाएंगे। हमने प्रधानमंत्री को संदेश भेजा है कि हम उनसे मिलना चाहते हैं।"
AAP नेता अनुराग ढांडा ने जताई चिंता, वाहनों पर असर पड़ने का किया दावा
AAP नेता अनुराग ढांडा ने दावा किया कि इस पॉलिसी से वाहन मालिकों को भारी परेशानी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि इथेनॉल-मिश्रित ईंधन के कारण लगभग 30 करोड़ वाहनों के खराब होने का खतरा है। ANI से बात करते हुए ढांडा ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर जनता की शिकायतों को नहीं सुन रहे हैं।
ढांडा का आरोप- जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही मोदी सरकार
ढांडा ने कहा, "लोग बहुत परेशान हैं और मुश्किल में हैं। 30 करोड़ वाहन खराब होने की कगार पर हैं और प्रधानमंत्री किसी की बात नहीं सुन रहे हैं। इथेनॉल को सिर्फ अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दबाव में थोपा जा रहा है। वहां का बेकार इथेनॉल भारत में खपाया जा रहा है, इसलिए मुझे लगता है कि यह सही नहीं है। लोगों की बात सुनी जानी चाहिए। प्रधानमंत्री क्यों नहीं मिलेंगे? प्रधानमंत्री कह रहे थे कि वह युवाओं से भी नहीं मिलेंगे।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: AAP का भाजपा पर बड़ा आरोप, कहा- SIR के जरिए दिल्ली के 30 लाख मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश