केरलम विजिलेंस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से

केरलम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पुराने मामले पर विजिलेंस का एक्शन, एक सप्ताह में होगा फैसला

Keralam Vigilance Director Manoj Abraham

कोच्चि (केरल)। केरलम विजिलेंस डायरेक्टर मनोज अब्राहम ने गुरुवार को पुष्टि की कि विभाग मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से जुड़े 2006 के एक पुराने मामले की जांच कर रहा है और लगभग एक सप्ताह में इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है।

विजिलेंस विभाग कर रहा फाइलों की समीक्षा

केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला के निर्देश के बाद विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो (VACB) ने ज्ञानेश कुमार के 2006 में लोक निर्माण विभाग (PWD) सचिव के कार्यकाल के दौरान कथित अनियमितताओं की जांच शुरू कर दी है। मामले की स्थिति स्पष्ट करते हुए विजिलेंस डायरेक्टर मनोज अब्राहम ने कहा कि विभाग वर्तमान में पुरानी फाइलों और दस्तावेजों की सूक्ष्मता से जांच कर रहा है।

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए मनोज अब्राहम ने कहा, "हम अभी भी इसकी जांच कर रहे हैं। सीडी फाइल (CD file) से जुड़ा यह मामला बहुत पुराना है। प्राप्त याचिका के आधार पर हम फाइलों की गहन समीक्षा कर रहे हैं और करीब एक हफ्ते के भीतर इस पर कोई स्पष्ट निर्णय लिया जाएगा।"

क्या है 2006 का पुराना मामला और सुसाइड नोट?

यह पूरा प्रशासनिक विवाद मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली सी बीन की संदिग्ध आत्महत्या से जुड़ा है। मृतक इंजीनियर केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट के तहत एमसी रोड (MC Road) के उन्नयन कार्य में लगी PATI-BEL कंसोर्टियम से जुड़े हुए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंजीनियर के कथित सुसाइड नोट में उस समय के PWD सचिव ज्ञानेश कुमार का नाम दर्ज था। यह नई जांच उन गंभीर आरोपों के बाद शुरू की गई है, जिनमें कहा गया था कि साल 2006 में हुई प्रारंभिक जांच को कथित तौर पर बाहरी राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव के कारण पटरी से उतार दिया गया था। केरल गृह विभाग ने 2006 की VACB प्रारंभिक जांच से जुड़ी तमाम प्रासंगिक फाइलें तलब कर ली हैं। गृह मंत्री चेन्निथला ने विजिलेंस डायरेक्टर को बाहरी प्रभावों के इन सभी आरोपों की विस्तृत जांच करने और तथ्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया है।

मतदाता सूची संशोधन को लेकर सियासी घमासान

यह प्रशासनिक जांच ऐसे संवेदनशील समय में सामने आई है जब संसद और जमीन पर विपक्षी 'इंडिया' (INDIA) ब्लॉक के सांसद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ मुखर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस बीच, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को औपचारिक घोषणा की कि 'इंडिया' ब्लॉक के सांसद मतदाता सूची के SIR में कथित अनियमितताओं के विरोध में दिल्ली के गांधी स्मारक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शांतिपूर्ण धरना देंगे। विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन का यह लगातार तीसरा दिन है। इससे पहले मंगलवार को सांसदों ने निर्वाचन सदन तक मार्च निकाला था और बुधवार को जंतर-मंतर के पास जोरदार प्रदर्शन किया था। इन प्रदर्शनों के अगले चरण में विपक्षी सांसद बस पर सवार होकर राजघाट की ओर रवाना हुए। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन: राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक के सांसदों का जताया आभार