केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लंदन में हुए प्रदर

लंदन प्रदर्शन पर भड़के किरेन रिजिजू: बोले- कांग्रेस संग दिखे पाक व PoK के झंडे, भारत विरोधी ताकतें देश नहीं तोड़ सकतीं

Demonstrators gather at Parliament Square in London amid ongoing protests and counter-protests

नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लंदन में हुए एक विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि लंदन में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्टी के झंडे पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के झंडों के साथ प्रदर्शित किए गए। रिजिजू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश विरोधी ताकतें कभी भी भारत को तोड़ नहीं सकती हैं।

भारत कभी नहीं झुकेगा: रिजिजू

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लिखा, "लंदन में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के झंडों के साथ कांग्रेस पार्टी के झंडे। इन लोगों को लगता है कि लंदन में भारत-विरोधी गिरोहों के जमावड़े से देशभक्त भारतीय डर जाएंगे।"

उन्होंने आगे देश की संप्रभुता पर बल देते हुए लिखा, "भारत कभी नहीं झुकेगा और भारत-विरोधी ताकतें कभी भी भारत को तोड़ नहीं सकती हैं।"

पार्लियामेंट स्क्वायर पर आमने-सामने आए प्रदर्शनकारी

यह विवाद शनिवार को लंदन के पार्लियामेंट स्क्वायर पर हुए प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ। वहां मौजूद प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सत्तारूढ़ गठबंधन के समर्थन और विरोध में दो धड़ों में बंटे हुए नजर आए।

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर भारत में भी सियासत

यह विदेशी प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब भारत में भी कांग्रेस के नेतृत्व वाले 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन द्वारा भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के खिलाफ मोर्चा खोला गया है। विपक्षी दल मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं।

भारतीय समुदाय ने किया जवाबी प्रदर्शन

लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर कांग्रेस समर्थित 'नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया' (NSUI) और अन्य संगठनों के विरोध प्रदर्शन के जवाब में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भी आवाज उठाई। शुक्रवार को भारतीय प्रवासियों ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में जवाबी प्रदर्शन किया। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले का मामला; विशेष एनआईए अदालत ने आरोपी पर तय किए आरोप