किसान सम्मान निधि के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य : मुख्य सचिव
किसान सम्मान निधि के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य : मुख्य सचिव
सभी मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा
लखनऊ। यूपी में "प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना" की अगली किस्त केवल उन्हीं किसानों को मिलेगी, जिन्होंने फार्मर रजिस्ट्री में अपना पंजीकरण कराया होगा। राज्य की योगी सरकार ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को सम्मान निधि किश्त की जारी होने से पूर्व सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए हैं।
यूपी के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा की। बैठकमके दौरान श्री गोयल ने ये सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त केवल उन्हीं किसानों को मिले, जिन्होंने फार्मर रजिस्ट्री में अपना पंजीकरण करा रखा हो।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण के कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। सीएस ने कहा कि जिलाधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर इस कार्य को त्वरित गति से पूरा कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि इस बारे में किसानों को जागरूक कर फार्मर रजिस्ट्री में लगी टीमों को सक्रिय किया जाए। उन्होंने ग्राम स्तर पर कैंप आयोजित कर रजिस्ट्री प्रक्रिया को गति देने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष से संबंधित लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारियों द्वारा प्रत्येक सप्ताह बैठक आयोजित कर विभिन्न स्तरों पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाए और 20 नवंबर तक शत-प्रतिशत प्रकरणों को अनिवार्य रूप से निस्तारित कराया जाए। यदि किसी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित रखा गया तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।