दीपावली के पावन पर्व पर प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध

दीपोत्सव पर नये रंग रूप में नजर आयेगा लखनऊ

दीपोत्सव पर नये रंग रूप में नजर आयेगा लखनऊ 

मुख्य मार्गों, बाजारों व प्रमुख धरोहरों की सजावट पर विशेष जोर

लखनऊ। दीपावली के पावन पर्व पर प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या का प्रवेश द्वार माना जाने वाली लक्ष्मनपुरी (लखनऊ) भव्य स्वरूप में नजर आयेगी। अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव के दौरान लखनऊ को रंग बिरंगी रोशनियों से सजाकर भव्यता प्रदान करने के लिए लखनऊ नगर निगम ने वृहद योजना तैयार की है। 

राजधानी लखनऊ को दीपोत्सव के अवसर पर भव्यता प्रदान करने और जगमग बनाने के लिए नगर निगम लखनऊ द्वारा व्यापक स्तर पर मार्ग प्रकाश व्यवस्था को नये सिरे से खूबसूरत स्वरूप दिया जा रहा है। शहर के सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था के सुधार का कार्य निरंतर जारी है। हर वार्ड में नई लाइटें लगाई जा रही हैं, ताकि दीपावली के अवसर पर लखनऊ उजाले में नहाया हुआ दिखे।

यह समस्त कार्य महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के निर्देश और नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश पर कराया जा रहा है। निगम की मार्ग प्रकाश टीम दिन-रात मेहनत कर रही है ताकि दीपावली तक सभी लाइटें सुचारू रूप से जल सकें और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रमुख बाजारों में विशेष ध्यान

दीपावली के अवसर पर खरीदारी के लिए शहर के प्रमुख बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए हजरतगंज, अमीनाबाद, भूतनाथ, नाका बाजार सहित सभी प्रमुख धरोहरों व व्यावसायिक क्षेत्रों में भी प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया गया है। इन बाजारों में नई एलईडी लाइटें लगाई गई हैं और पुरानी खराब लाइटों को तुरंत बदला गया है ताकि खरीदारों को किसी भी प्रकार की प्रकाश संबंधी समस्या न हो।

नगर निगम ने बताया कि दीपोत्सव के इस अवसर पर जहां भी सजावट की जाती है, उन सभी स्थानों पर इस बार विशेष रूप से सजावटी प्रकाश की व्यवस्था कराई जा रही है। लखनऊ के सभी मुख्य मार्ग, प्रमुख चौराहे, पार्क और सरकारी भवन रंग-बिरंगी लाइटों से सुसज्जित हैं।

विशेष स्थलों पर अस्थाई प्रकाश सजावट

दीपावली-2025 के अवसर पर 5केडी मार्ग के दोनों ओर मार्गों और वृक्षों पर प्रकाश सजावट की गई है। इसी प्रकार, राजभवन से हजरतगंज, विक्रमादित्य फव्वारा से कालीदास फव्वारे तक, और हजरतगंज चौराहे तक का क्षेत्र भव्य लाइटिंग से आलोकित किया गया है।

इसके अलावा, सोमनाथ द्वार (कटाई पुल), प्रतिष्ठा चौराहा, समतामूलक चौराहा, 1090 चौराहा, तथा सरोजिनी नगर वार्ड के कान्हा उपवन में भी अस्थाई प्रकाश सजावट की गई है। साथ ही, चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट, अवध चौराहा समेत शहर के विशेष मार्गों पर भी विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की गई है।

सतत निगरानी और मरम्मत अभियान

अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने बताया कि नगर निगम की मार्ग प्रकाश टीम लगातार निगरानी कर रही है और जहां-जहां प्रकाश व्यवस्था में समस्या बताई जा रही है, उसे तत्काल सही कराया जा रहा है। सभी माननीय पार्षदगणों से लगातार संवाद बनाकर क्षेत्रवार प्रकाश से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। प्रतिदिन 1500 से 1600 लाइटों की मरम्मत कर उन्हें सही कराया जा रहा है।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि “हमारा लक्ष्य है कि दीपावली पर्व पर शहर का कोई भी कोना अंधेरे में न रहे। सभी बाजारों और मार्गों में उत्तम प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।”

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि “दीपावली पर लखनऊ पूरी तरह रोशनी से नहाया हुआ दिखेगा। यह केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सौंदर्य और स्वच्छता का प्रतीक बनेगा।”