भारतीय तटरक्षक बल ने मुंबई तट के पास एक त्वरित समु

मुंबई तट पर तटरक्षक बल की बड़ी कार्रवाई: अवैध डीजल तस्करी में पकड़ी गई नाव 'हरिद्वार कृपा'

ICG vessel intercepting suspect boat off Mumbai

मुंबई (महाराष्ट्र)। मुंबई तट के पास भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने एक त्वरित और सुनियोजित समुद्री अभियान के तहत अवैध रूप से मध्य-समुद्र में डीजल की तस्करी में लिप्त एक भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव (IFB) 'हरिद्वार कृपा' को धर दबोचा है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह सफल कार्रवाई देश के पश्चिमी समुद्री तट पर अनधिकृत और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में तटरक्षक बल की उच्च सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को रेखांकित करती है, जो वर्तमान राष्ट्रीय सुरक्षा परिदृश्य में अत्यधिक महत्वपूर्ण है।

प्रोंग्स लाइटहाउस के पास की गई कड़ी निगरानी

समुद्री गतिविधियों पर लगातार रखी जा रही लक्षित खुफिया निगरानी (Targeted Surveillance) के आधार पर ICG के जहाजों को 'प्रोंग्स लाइटहाउस' के आसपास कड़ा पहरा देने के निर्देश दिए गए थे। गश्त के दौरान तटरक्षक जहाजों ने एक कमर्शियल मर्चेंट वेसल के पास संदेहास्पद रूप से संचालित हो रही एक नाव को देखा। जब वीएचएफ (VHF) मैरीटाइम चैनल के जरिए इस नाव को चुनौती दी गई, तो 'हरिद्वार कृपा' ने कोई जवाब नहीं दिया, लगातार मिल रही चेतावनियों को नजरअंदाज किया और भागने के लिए पैंतरेबाजी शुरू कर दी। तटरक्षक पोत ने तुरंत पीछा करते हुए इस भागती हुई संदिग्ध नाव को घेरकर अपने कब्जे में ले लिया।

4,000 लीटर अवैध डीजल बरामद और कबूलनामा

पकड़े जाने के बाद तटरक्षक बल की एक विशेष 'बोर्डिंग पार्टी' ने नाव की गहन तलाशी ली। शुरूआती पूछताछ के दौरान नाव के कप्तान ने स्वीकार किया कि उसने समुद्र के बीचों-बीच लगभग 4,000 लीटर अवैध डीजल प्राप्त किया था। इसके अलावा, पीछा किए जाने के दौरान साक्ष्यों को पूरी तरह नष्ट करने के प्रयास में चालक दल (Crew) ने लगभग 500 लीटर प्रतिबंधित डीजल समुद्र में ही बहा दिया था। आगे की कानूनी जांच और पड़ताल में मदद के लिए बोर्डिंग टीम ने नाव से जुड़े सभी आवश्यक ऑपरेशनल दस्तावेज और छह मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।

मुंबई हार्बर लाकर शुरू की गई संयुक्त जांच

पकड़ी गई इस संदिग्ध नाव, उसके चालक दल और जब्त किए गए तमाम साक्ष्यों को इसके बाद सुरक्षित रूप से मुंबई हार्बर लाया गया। यहां भारतीय तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना, स्टेट इंटेलिजेंस ब्यूरो (SIB) और राज्य पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा एक व्यापक और बहु-एजेंसी जांच शुरू कर दी गई है।

समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता

यह सफल सैन्य व सुरक्षा अभियान एक बार फिर इस बात की पुष्टि करता है कि भारतीय तटरक्षक बल अवैध तस्करी नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने और भारत की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, संरक्षा व अखंडता को बनाए रखने के लिए पूरी तरह से संकल्पित और प्रतिबद्ध है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: यूएनडीपी रिपोर्ट: पाकिस्तान में 38% से अधिक आबादी बहुआयामी गरीबी की चपेट में