पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल पर बड़ी सुरक्षा कार्रवाई: NMACC से फर्जी 'PMO अधिकारी' और हथियारबंद गार्ड हिरासत में
मुंबई (महाराष्ट्र)। मुंबई पुलिस ने बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) से दो लोगों को हिरासत में लिया है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम था।मुंबई पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों में से एक, 24 साल का युवक, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बनकर 7 सितंबर को नकली पहचान पत्र का इस्तेमाल करके कार्यक्रम स्थल में घुसने की कोशिश कर रहा था।
बॉडीगार्ड के पास मिली बंदूक, दोनों हिरासत में
सतर्क पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध को देखा और उसके कागजात की जांच करने पर पाया कि उसके पहचान के दस्तावेज नकली थे। उस व्यक्ति के साथ एक निजी अंगरक्षक (बॉडीगार्ड) भी था, जिसके पास बंदूक मिली। इस बात का पता चलने के बाद, BKC पुलिस ने उस युवक और उसके हथियारबंद अंगरक्षक, दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। मुंबई पुलिस ने पुष्टि की कि दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया गया है और सुरक्षा में सेंध की इस घटना की आगे की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही मामले की जांच
मुंबई पुलिस ने कहा, "मुंबई में उस कार्यक्रम स्थल से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम था। उनमें से एक व्यक्ति के पास से बंदूक बरामद हुई। मुंबई पुलिस ने BKC स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जो खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बता रहा था। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की उम्र 24 साल बताई जा रही है। उसके साथ एक अंगरक्षक भी था जिसके पास बंदूक थी। अब मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले की आगे की जांच कर रही है।"
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का आयोजन
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 5:45 बजे मुंबई में 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट' (GFF) 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करने वाले हैं। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट, वित्तीय प्रौद्योगिकी (Fintech) पर केंद्रित दुनिया के सबसे बड़े और प्रभावशाली वार्षिक सम्मेलनों में से एक है। वर्ष 2020 में अपनी शुरुआत के बाद से ही, GFF एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में स्थापित हो चुका है। यह नीति निर्माताओं, नियामकों, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों, प्रौद्योगिकी फर्मों, निवेशकों और शिक्षाविदों सहित कई वैश्विक हितधारकों को एक मंच पर लाता है।
फिनटेक के उभरते रुझानों पर होगा मंथन
यह सम्मेलन वित्तीय क्षेत्र के भविष्य को आकार देने वाले प्रमुख मुद्दों— जिनमें नवाचार (Innovation), प्रौद्योगिकी, विनियमन (Regulation) और विकसित होते वैश्विक वित्तीय इकोसिस्टम शामिल हैं— पर चर्चा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के इस सातवें संस्करण में वित्तीय और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के शीर्ष प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है, जहां वे फिनटेक के भविष्य और उभरते रुझानों पर विस्तृत विचार-विमर्श करेंगे। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान 168 लोग घायल, 81 का अस्पतालों में इलाज जारी