मुंबई पुलिस ने अमेरिकी पासपोर्ट धारक और अभिनेता इम

आमिर खान के भतीजे अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस का 'लीव इंडिया' नोटिस, 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का आदेश

Actor Imran Khan during Mumbai protest (Enhanced with AI)

मुंबई (महाराष्ट्र)। मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के भतीजे और अभिनेता इमरान खान को 'लीव इंडिया' नोटिस जारी किया है। उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का कड़ा निर्देश दिया गया है। यह कार्रवाई हाल ही में एक राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में उनके शामिल होने के बाद की गई है।

अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन और हिरासत

इमरान खान ने हाल ही में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। हिरासत में लिए जाने के बाद अभिनेता ने पुलिस वैन के अंदर से अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन लिखा था, "लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूँ।"

"नागरिक के तौर पर आया था"

मीडिया से बात करते हुए इमरान खान ने स्पष्ट किया कि वे मुंबई के एक आम नागरिक के तौर पर वहां पहुंचे थे और उनकी कोई विशेष मांग नहीं थी। उन्होंने लोगों की आवाजाही की स्वतंत्रता (फ्रीडम ऑफ मूवमेंट) पर रोक और जनता की आवाज दबाए जाने पर गंभीर सवाल उठाए। अभिनेता ने कहा, "मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक के तौर पर आया हूँ, एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर जो इसी शहर में रहता है। मैं यह देखने आया हूँ कि लोगों की आवाजाही पर पाबंदी क्यों लगाई जा रही है?"

इमिग्रेशन एक्ट के तहत कार्रवाई

रिपोर्ट्स के अनुसार, इमरान खान के पास अमेरिकी पासपोर्ट है और वे 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (OCI) कार्डधारक हैं। भारतीय नागरिक न होने के बावजूद विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने उनके खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट (प्रवास अधिनियम) की धारा 29 और 7 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

किरीट सोमैया की शिकायत और आरोप

इससे पहले, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता किरीट सोमैया ने अभिनेता की संलिप्तता पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी और देश से बाहर निकालने (डिपॉर्टेशन) की मांग की थी। सोमैया ने आरोप लगाया था कि खान ने OCI प्रावधानों और वीजा शर्तों का खुला उल्लंघन किया है।

मीडिया से बातचीत में किरीट सोमैया ने कहा, "भारत के नागरिक उस राजनीतिक अतिवाद को बर्दाश्त नहीं कर सकते, जिसका प्रदर्शन इमरान खान ने हाल ही में देश में अपने प्रवास के दौरान किया है। आज हमने उनके भाषणों और आचरण से जुड़े तमाम सबूत पुलिस को सौंप दिए हैं।" ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: इमरान खान के कथित OCI और वीजा उल्लंघन पर शिकायत करेंगे किरीट सोमैया