राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण, जी राम जी कानून का जिक्र करने पर विपक्ष ने की नारेबाजी
President Speech In Parliament : बजट सत्र बुधवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जी राम जी कानून का जिक्र किया. इस दौरान विपक्ष ने नारेबाजी की, वहीं एनडीए समर्थकों ने मेज थपथपाई. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सरकार की नीतियों के तहत, सुरक्षाबलों ने माओवादी आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है. सालों तक देश के 126 जिलों में डर और अविश्वास का माहौल था.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि माओवादी विचारधारा ने कई पीढ़ियों के भविष्य को अंधेरे में धकेल दिया था. इससे सबसे ज़्यादा नुकसान युवाओं, आदिवासियों और दलितों को हुआ. आज, माओवादी आतंकवाद की चुनौती सिर्फ़ 8 जिलों तक सीमित है.
राष्ट्रपति ने कहा कि इनमें से 3 जिले ऐसे हैं, जो गंभीर रूप से प्रभावित हैं. इस एक साल में, माओवादियों से जुड़े लगभग 2000 लोगों ने सरेंडर किया है. इससे लाखों नागरिकों के जीवन में शांति लौटी है. वह दिन दूर नहीं जब हमारे देश से माओवादी आतंकवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा. ग्रामीण इलाकों में रोज़गार और विकास के लिए विकसित भारत-ग्राम कानून बनाया गया है. इस नए सुधार से गांवों में 125 दिनों के रोज़गार की गारंटी मिलेगी.
'विकसित भारत की हमारी यात्रा के लिए एक बड़ा आधार'
उन्होंने कहा कि हमारा देश इस सदी के दूसरे चरण में प्रवेश कर गया है. भारत के लिए, इस सदी के पहले 25 साल कई सफलताओं, उपलब्धियों और असाधारण अनुभवों से भरे रहे हैं. पिछले 10-11 सालों में भारत ने हर क्षेत्र में अपनी नींव मजबूत की है. यह साल विकसित भारत की हमारी यात्रा के लिए एक बड़ा आधार है.
'सबका साथ सबका विकास का विजन'
राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार दलितों, पिछड़ों, आदिवासी समुदाय और सभी के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है. सबका साथ सबका विकास का विजन हर नागरिक के जीवन पर सकारात्मक असर डाल रहा है. 2014 की शुरुआत में सामाजिक सुरक्षा योजनाएं सिर्फ 25 करोड़ नागरिकों तक पहुंची थीं. सरकार के प्रयासों से अब लगभग 95 करोड़ भारतीयों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल रहा है.
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/ajit-pawar-dies-in-a-plane-crash-cm-mamata-banerjee-demanded-an-investigation/130873