म्युचुअल फंड कंपनियों द्वारा नए निवेश में नरमी के

म्युचुअल फंडों की नकदी में 400 करोड़ रुपये की कमी

म्युचुअल फंडों की नकदी में 400 करोड़ रुपये की कमी

म्यूचुअल फंड कंपनियों द्वारा नए निवेश में नरमी के बीच सितंबर में इक्विटी म्युचुअल फंड (एमएफ) योजनाओं की नकदी होल्डिंग में कमी 

मुंबई।

म्युचुअल फंड कंपनियों द्वारा नए निवेश में नरमी के बीच सितंबर में इक्विटी म्युचुअल फंड (एमएफ) योजनाओं की नकदी होल्डिंग में कमी आई है। "नुवामा ऑल्टरनेटिव ऐंड क्वांटिटेटिव रिसर्च" की एक रिपोर्ट के अनुसार सितंबर 2025 के अंत तक इक्विटी म्युचुअल फंड योजनाओं के पास 1.76 लाख करोड़ रुपये की नकदी थी जो पिछले महीने की तुलना में करीब 400 करोड़ रुपये कम है।

कुल परिसंपत्तियों के प्रतिशत के रूप में इक्विटी योजनाओं में नकदी अगस्त के 5.23 फीसदी से घटकर सितंबर में 5.13 फीसदी रह गई। इक्विटी फंड योजनाओं में शुद्ध निवेश सितंबर में लगातार दूसरे महीने 9 फीसदी घटकर 30,422 करोड़ रुपये रह गया। इक्विटी योजनाओं के पास नकदी आम तौर पर शुद्ध निवेश के स्तर और फंड मैनेजरों के बाजार के प्रति दृष्टिकोण पर निर्भर करती है। लेकिन अधिकांश योजनाएं 5 फीसदी से ज्यादा नकदी रखने से परहेज करती हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है, "कोटक फंड" ने रकम निवेश में कटौती करने की अगुआई की और अपनी नकदी होल्डिंग 1,300 करोड़ रुपये घटाते हुए 5,800 करोड़ रुपये (2.6 फीसदी) कर ली। इसके बाद "निप्पॉन इंडिया" और "क्वांट फंड" का स्थान रहा, जिन्होंने क्रमशः 800 करोड़ रुपये और 700 करोड़ रुपये तक की नकदी घटाई। यह रुझान चुनिंदा फंडों के बीच इक्विटी आवंटन की ओर निरंतर झुकाव दर्शाता है। कुछ फंड हाउसों की नकदी होल्डिंग में इजाफा भी हुआ। मोतीलाल ओसवाल म्युचुअल फंड ने अपनी नकदी 3,600 करोड़ रुपये बढ़ाकर 2.2 फीसदी से 6.2 फीसदी कर ली।

पीपीएफएएस म्युचुअल फंड की नकदी होल्डिंग 21.8 फीसदी पर बनी रही और महीने के दौरान इसमें 1,100 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। फंड मैनेजरों के अनुसार घरेलू इक्विटी अब एक साल पहले की तुलना में बेहतर कीमत पर दिख रही है क्योंकि पिछले कुछ समय में आई गिरावट के बाद मूल्यांकन घट गए हैं।