A major negligence at MY Hospital surfaced as two

एमवाय अस्पताल की बड़ी लापरवाही आई सामने, NICU में दो नवजातों को चूहों ने काटा

एमवाय अस्पताल की लापरवाही ने एक नवजात शिशु की जान ले ली। अस्पताल के एनआईसीयू (NICU) में चूहों ने दो नवजात शिशुओं को काट लिया, जिनमें से एक की मौत हो गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने तत्काल सख्त कार्रवाई की है।  डीन घनघोरिया ने नर्सिंग ऑफिसर आकांक्षा बेंजामिन और श्वेता चौहान को निलंबित कर दिया है। सहायक प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर कलावती बलावी को कारण बताओ नोटिस थमाया है। एनआईसीयू की प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर प्रवीणा सिंह और पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्रभारी-प्राध्यापक डॉ. मनोज जोशी को भी नोटिस दिया गया है। साथ ही आईसीयू इंचार्ज और असिस्टेंट इंचार्ज पर भी कार्रवाई हुई है। नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मारग्रेट जोसेफ को पद से हटा दिया गया है और उनकी जगह नर्सिंग ऑफिसर सिस्टर दयावती दयाल को नया नर्सिंग सुपरिटेंडेंट बनाया गया है। डीन डॉ. घनघोरिया ने पेस्ट कंट्रोल में लापरवाही के लिए एजाइल कंपनी पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया है और चेतावनी दी है कि उनका एमओयू रद्द किया जा सकता है अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. अशोक यादव को तुरंत पेस्ट कंट्रोल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई है, जिसमें डॉ. एस.बी. बंसल, डॉ. शशि शंकर शर्मा, डॉ. अरविंद शुक्ला, डॉ. निर्भय मेहता, डॉ. बसंत निगवाल और नर्सिंग ऑफिसर सिस्टर दयावती दयाल शामिल हैं। कमेटी जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।