पाकिस्तानी बॉक्सर ने क्यों कहा- 'मुझे इस नाम से नफरत हो गई है'? मेडल विजेता बॉक्सर ने पीएम मोदी को सुनाई दिलचस्प कहानी
नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की 90+ किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने वाले भारतीय बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल ने रविवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर बातचीत के दौरान अपने बॉक्सिंग करियर की एक दिलचस्प कहानी सुनाई। बेरवाल ने 2015 वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में एक पाकिस्तानी बॉक्सर को हराने के बाद हुई बातचीत को याद किया। उस घटना को याद करते हुए, बेरवाल ने पीएम मोदी को बताया कि उनका प्रतिद्वंद्वी इस बात से हैरान था कि उनकी जिंदगी में 'नरेंद्र' नाम का बार-बार इस्तेमाल होता है।
'नरेंद्र' नाम को लेकर पाकिस्तानी बॉक्सर की मजेदार प्रतिक्रिया
पीएम मोदी के यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में बेरवाल ने कहा, "पाकिस्तानी बॉक्सर ने मुझसे कहा, "आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है, आपके प्रधानमंत्री का नाम नरेंद्र है। मुझे नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है।" बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मेडल जीतने वाले भारत के खिलाड़ियों से बातचीत की और देश का नाम रोशन करने में उनके समर्पण, कड़ी मेहनत और योगदान के लिए उन्हें बधाई दी।
भारत ने बॉक्सिंग में रचा इतिहास, जीते 10 मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स में 10 मेडल जीतना भारत का अब तक का सबसे अच्छा बॉक्सिंग प्रदर्शन रहा। इसने इंग्लैंड (1934 और 2018) और कनाडा (1986) के संयुक्त रूप से छह गोल्ड मेडल जीतने के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। भारत ने ग्लासगो में अपना कॉमनवेल्थ गेम्स अभियान 39 मेडल (13 गोल्ड, 17 सिल्वर और नौ ब्रॉन्ज़) के साथ खत्म किया और ओवरऑल मेडल टैली में चौथे स्थान पर रहा। भारत 2030 में अहमदाबाद में इस मल्टी-स्पोर्ट इवेंट के शताब्दी संस्करण की मेजबानी करेगा। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: ओडिशा बना जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियन, फाइनल में मध्य प्रदेश को 2-1 से दी मात