दिल्ली का नेहरू स्टेडियम तोड़कर बनेगी स्पोर्ट्स सिटी
दिल्ली का नेहरू स्टेडियम तोड़कर बनेगी स्पोर्ट्स सिटी
961 करोड़ रुपए की लागत से इसको नया रूप दिया गया 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स के समय
नई दिल्ली।
केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार राजधानी में बने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को भी तोड़कर इसकी जगह स्पोर्ट्स सिटी बनाने की योजना पर काम कर रही है। केंद्र सरकार इससे पहले नेहरू मेमोरियल म्यूजिम एंड लाइब्रेरी को प्रधानमंत्री मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी किया था। इसी के साथ अहमदाबाद के मोटेरा में सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर बने दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम का नाम बदलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया था। अब दिल्ली के नेहरू स्टेडियम को भी तोड़ने की योजना तैयार की गयी है।
खेल मंत्रालय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जाएगा और उसकी जगह एक स्पोर्ट्स सिटी बनाई जाएगी। इस स्पोर्ट्स सिटी का नाम नेहरू के नाम पर होगा या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। गौरतलब है कि 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स के समय 961 करोड़ रुपए की लागत से इसको नया रूप दिया गया था।
खेल मंत्रालय की ओर बताया गया कि नेहरू स्टेडियम की जगह स्पोर्ट्स सिटी बनाई जाएगी, जिसमें सभी प्रमुख खेलों के लिए सुविधाएं होंगी और खिलाड़ियों के लिए आवास की सुविधा भी होगी। गौरतलब है कि दिल्ली का जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम 102 एकड़ में फैला है। इसको पूरी तरह से तोड़ कर स्पोर्ट्स सिटी बनाने के लिए कतर और आस्ट्रेलिया की स्पोर्ट्स सिटी का अध्ययन किया जा रहा है।
खेल मंत्रालय के एक जानकार सूत्र ने कहा कि स्टेडियम के अंदर बने सरकारी कार्यालयों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि स्टेडियम के अंदर राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी और राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला जैसे कार्यालय हैं। वहां आयकर विभाग का भी कार्यालय है। इसको तोड़ कर नई फैसिलिटी बनाने के पीछे अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की मिसाल भी दी जा रही है।
सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर अहमदाबाद में करीब ढाई सौ एकड़ में सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव का निर्माण कराया जा रहा है। एक बार स्पोर्ट्स एन्क्लेव पूरी तरह से बन जाने के बाद, यह भारत में अपनी तरह का सबसे बड़ा एन्क्लेव होगा। इस परियोजना को अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण और गुजरात सरकार के साथ संयुक्त रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है। स्पोर्ट्स एन्क्लेव के निर्माण भविष्य में भारत में ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों जैसे प्रमुख खेलों के आयोजनों की मेजबानी हासिल करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः