केन्द्र सरकार देश के सरकारी क्षेत्र के बैंकों के व

सरकारी क्षेत्र के बैंकों के विनिवेश और विलय का कोई प्रस्ताव विचार में नहीं: केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी

केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार देश के सरकारी क्षेत्र के बैंकों के विनिवेश और विलय के किसी प्रस्ताव पर कोई विचार नहीं कर रही है। यह जानकारी केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने संसद में दी।

राज्यसभा में एक सांसद ने सवाल किया था कि "क्या सरकार चार सरकारी बैंकों के विनिवेश या विलय के जरिए 2026 तक बड़े सरकारी बैंक बनाने की तैयार कर रही है?" प्रश्न के जवाब में केन्द्र सरकार ने संसद में जानकारी दी कि फिलहाल सरकारी क्षेत्र के बैंकों के विनिवेश और विलय के किसी प्रस्ताव पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा, 'मौजूदा समय में केंद्र किसी भी सरकारी बैंक के विलय या विनिवेश के किसी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है।' 

हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सरकार एक पीएसबी कंसोलिडेशन ब्लूप्रिंट पर काम कर रही है, जिससे वित्त वर्ष 2026-27 में सरकारी बैंकों की संख्या 12 से घटकर सिर्फ चार हो सकती है। इस प्रस्ताव का उद्देश्य सरकारी बैंकों की बैलेंस शीट को मजबूत करना, ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार करना और वैश्विक स्तर के प्रतिस्पर्धी बैंक बनाना बताया गया है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि सरकारी बैंकों का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (एनपीए) रेश्यो जून 2025 तक कम होकर 2.51 प्रतिशत हो गया है, जो कि मार्च 2016 में 9.27 प्रतिशत के स्तर पर था। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि बैंकों के "राइट ऑफ" किए जाने वाले लोन की रिकवरी एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और उधार न चुकाने वालों के खिलाफ बैंक लगातार एक्शन ले रहे हैं। 

केन्द्र सरकार ने इससे पहले कहा था कि भारतीय बैंकों ने बीते तीन वर्षों में 10,000 करोड़ रुपए से अधिक के अनक्लेम्ड डिपॉजिट लोगों को वापस कर दिए हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 30 जून, 2025 तक सरकारी बैंकों ने इस फंड में 58,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की है, जिसमें अकेले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की हिस्सेदारी 19,330 करोड़ रुपए है। निजी बैंकों की ओर से इस फंड में 9,000 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। इसमें आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक की हिस्सेदारी सबसे अधिक है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/governor-cv-ananda-bose-participated-in-the-mass-recitation-of-the-gita/100274

ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित सामूहिक गीता पाठ में राज्यपाल सीवी आंनद बोस हुए शामिल