Ujjwala LPG Cylinders: उज्ज्वला योजना पर बड़ा फैसला, सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों की संख्या 9 से घटाकर 4 की गई
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाले LPG सिलेंडरों की संख्या में बड़ा बदलाव हुआ है। योजना के तहत मिलने वाले सिलेंडर की संख्या घटा कर 9 से 4 सिलेंडर कर दी गई है। ये फैसला इसलिए लिया गया है, क्योंकि खाना पकाने की गैस की कीमतें बढ़ने से सब्सिडी पर भी खर्च बढ़ रहा है। सिलेंडरों की संख्या तय करने के लिए परिवारों द्वारा औसतन इस्तेमाल की जाने वाली गैस की मात्रा को भी आधार बनाया गया है।
उज्ज्वला योजना के तहत साल में अब 4 सिलेंडर मिलेंगे
उज्ज्वला योजना के तहत, लाभार्थियों को शुरू में हर साल 14.2 किलोग्राम के 12 सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर मिलते थे। पिछले साल इस कोटे को घटाकर 9 सिलेंडर कर दिया गया था। अब इसे घटा कर 4 कर दिया गया है।
2022 में सरकार ने शुरू की थी उज्ज्वला योजना में सब्सिडी
सरकार ने मई 2022 में 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर पर 200 रुपये की टारगेटेड सब्सिडी शुरू की थी। हर बार रिफिल कराने के बाद लाभार्थियों के बैंक खातों में सब्सिडी सीधे जमा की जाती थी। अक्टूबर 2023 में इस सब्सिडी को बढ़ाकर 300 रुपये प्रति सिलेंडर कर दिया गया था। 5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों के लिए भी इसी अनुपात में सब्सिडी दी जाती थी।
LPG की कीमतों में बढ़ोतरी से लाभार्थियों को देने पड़ते हैं 642 रुपये
सब्सिडी वाले कोटे में ये कटौती LPG की कीमतों में बार-बार हो रही बढ़ोतरी के बीच की गई है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर की रिटेल कीमत पिछले तीन महीनों में दो बार की बढ़ाई गई है। इसके साथ कुल 89 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसमें 7 जून को हुई बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 942 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। 300 रुपये की सब्सिडी घटाने के बाद PMUY लाभार्थियों को 642 रुपये देने पड़ते हैं।
घरेलू LPG सिलेंडर की सप्लाई की लागत 1,600 रुपये से अधिक हुई
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी प्रवीण मल खनूजा के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में संकट के कारण ग्लोबल LPG की कीमतों में उछाल आने से घरेलू LPG सिलेंडर की सप्लाई की लागत 1,600 रुपये से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 2022 से LPG सब्सिडी के तौर पर 52,000 करोड़ रुपये दिए हैं।