होर्मुज के पास भारतीय क्रू वाली नाव में लगी भीषण आग, एक की मौत और चार घायल
नई दिल्ली। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास आम सामान ले जा रही 18 भारतीय क्रू सदस्यों वाली एक लकड़ी की नाव में आग लगने के बाद वह पलट गई। इस घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई जबकि चार अन्य जलकर झुलस गए हैं। एक सरकारी सूत्र ने इसकी जानकारी दी है।
दूसरे जहाज़ ने बचाई चालक दल की जान
यह घटना शुक्रवार को एक रणनीतिक जलमार्ग के पास हुई है। फिलहाल अधिकारी अभी भी आग लगने के सही कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। सूत्रों के मुताबिक जब नाव आग लगने के बाद पलटी तब वहां से गुज़र रहे एक अन्य जहाज़ ने उसके चालक दल के सदस्यों को बचा लिया। सूत्र ने बताया कि, "इस घटना में, नाव पर सवार एक भारतीय की मौत हो गई, जबकि चार लोग जलकर झुलस गए हैं।" सूत्र ने आगे बताया कि घायल क्रू सदस्यों का इस समय दुबई में इलाज चल रहा है और वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। इस घटना के तुरंत बाद भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने बचाए गए नागरिकों से मुलाकात की।
भारतीय दूतावास लगातार कर रहा मदद
सूत्र ने आगे कहा, "भारतीय वाणिज्य दूतावास के हमारे अधिकारियों ने कल रात ही बचाए गए भारतीय नागरिकों से मुलाक़ात की। वाणिज्य दूतावास नाव के मालिक के भी संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।" इससे पहले गुरुवार को विदेश मंत्रालय (MEA) के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 11 भारतीय जहाज़ होर्मुज़ जलडमरूमध्य से बाहर निकल चुके हैं, जबकि 13 जहाज़ अभी भी फ़ारसी खाड़ी में मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/iran-accuses-us-of-ceasefire-violation/203186