संसद का शीत सत्र एक दिसंबर से शुरू होगा
संसद का शीत सत्र एक दिसंबर से
राष्ट्रपति ने केंद्र के इस आशय के प्रस्ताव को दी मंजूरी
नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र एक दिसंबर से शुरू होगा और 19 दिसंबर तक चलेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्र सरकार के इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हालांकि यह अवधि संसदीय कार्यों की आवश्यकताओं के अनुसार बढ़ाई जा घटाई भी जा सकती है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस बारे में जानकारी साझा की। किरेन रिजिजू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'राष्ट्रपति महोदया ने सरकार के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा। हम एक रचनात्मक और सार्थक सत्र की उम्मीद करते हैं। यह हमारे लोकतंत्र को मजबूत करेगा और जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति करेगा।' बिहार विधानसभा चुनाव के बाद हो रहे संसद के इस शीतकालीन सत्र के जबरदस्त हंगामी होने की संभावना है। विपक्ष सरकार को वोट चोरी, महंगाई, बेरोजगारी और विदेश नीति समेत तमाम मुद्दों पर घेरने की कोशिश करेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सदन में कथित वोट चोरी के मुद्दे को उठा सकते हैं।