PM Modi : हाल में नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शन ह

पीएम मोदी ने सुशीला कार्की को दी बधाई, कहा - 'महिलाओं के सशक्तिकरण...'

PM Modi : हाल में नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए. अब सामान्य स्थिति बहाल हो रही है. पीएम मोदी ने शनिवार को भारत के पड़ोसी देश की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि कार्की का शीर्ष पद संभालना महिलाओं के सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है.

मणिपुर की राजधानी इम्फाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, नेपाल भारत का दोस्त है, करीबी दोस्त. आज 140 करोड़ भारतीयों की ओर से मैं सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभालने पर हार्दिक बधाई देता हूं. उनका नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेना महिलाओं के सशक्तिकरण का बहुत अच्छा उदाहरण है.

'उनकी सकारात्मक सोच..'

नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह नेपाल में शांति, स्थिरता और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगी. उन्होंने नेपाल के युवाओं की सराहना की, जिन्होंने अस्थिर माहौल में भी लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा. पीएम मोदी ने कहा, उनकी सकारात्मक सोच और कार्य न केवल प्रेरणादायक हैं, बल्कि नेपाल के नए उदय का स्पष्ट संकेत भी हैं. मैं नेपाल को उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं.

बता दें कि नेपाल के अधिकांश क्षेत्रों से कर्फ्यू हटा लिया गया. जनजीवन सामान्य की ओर लौट रहा है. सुशीला कार्की ने अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद कहा कि उनका पहला कार्य हिंसा के बाद नेपाल में व्यवस्था बहाल करना होगा. अंतरिम सरकार को मार्च 2026 तक राष्ट्रीय चुनाव कराने का निर्देश दिया गया है.

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/breaking-story/india/120/breaking/2a716c43/1a2a7446/breakingdetails/due-to-rain-pm-modi-travelled-by-road-met-violence-victims-in-imphal-46806