PM मोदी बोले- 'जींद भाजपा-एनडीए के सुशासन मॉडल का प्रतीक', 14,700 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात
जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि हरियाणा का जींद भाजपा-एनडीए सरकार के सुशासन मॉडल का जीता-जागता उदाहरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हरियाणा ने विकास के नए पथ पर तेजी से आगे बढ़ते हुए देश के लिए नई मिसाल कायम की है।
'डबल इंजन सरकार' के विकास मिशन को मिली नई ऊर्जा
जींद में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का कार्यक्रम भाजपा की डबल इंजन सरकार के विकास मिशन को नई गति देने वाला है। उन्होंने कहा, "आज जींद भाजपा-एनडीए के सुशासन मॉडल का प्रतीक बन रहा है। पिछले कुछ वर्षों में पूरे हरियाणा ने विकास के नए पथ पर आगे बढ़ते हुए नई पहचान बनाई है। आज का कार्यक्रम भाजपा की डबल इंजन सरकार के मिशन में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है।"
पहली हाइड्रोजन ट्रेन का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने जींद और सोनीपत के बीच शुरू हुई भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिन इतिहास में दर्ज हो गया है। उन्होंने कहा, "आज जींद और हरियाणा का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। जैसे आज भी भारत की पहली ट्रेन मुंबई और ठाणे के बीच चलने की बात याद की जाती है, वैसे ही भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन की चर्चा होगी, जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम जरूर लिया जाएगा।"
जींद से जुड़ी पुरानी यादें कीं साझा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जींद आना उनके लिए पुरानी यादों को ताजा करने जैसा है। उन्होंने कहा, "कई दशक पहले मैं संगठनात्मक कार्यों के लिए पहली बार जींद आया था। उस समय आप सभी ने जो स्नेह और प्रेम दिया था, उसे मैं आज तक नहीं भूला हूं।" इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मौजूदगी में करीब 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को मिली रफ्तार
प्रधानमंत्री ने हरियाणा में 12,470 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने लगभग 9,680 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 157.92 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे (पैकेज 1 से 5) को राष्ट्र को समर्पित किया। इस परियोजना से दिल्ली-कटरा की यात्रा लगभग 14 घंटे से घटकर 6 घंटे और दिल्ली-अमृतसर की यात्रा करीब 8 घंटे से घटकर 4 घंटे होने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने अंबाला-काला अंब चार लेन राजमार्ग और जिंद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे का भी लोकार्पण किया। जिंद-गोहाना हाईवे बनने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय करीब दो घंटे से घटकर 40 मिनट रह जाएगा।
नई परियोजनाओं की रखी आधारशिला
प्रधानमंत्री ने 24.27 किलोमीटर लंबे हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड हाईवे परियोजना की आधारशिला रखी। साथ ही कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन किया, जिससे शहर में लंबे समय से बनी ट्रैफिक समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को भी मिली मजबूती
प्रधानमंत्री ने भिवानी स्थित पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज और नारनौल के महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज एवं राव तुला राम अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित किया। इन संस्थानों से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा उन्होंने कुरुक्षेत्र में बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी, जहां आधुनिक तकनीक के माध्यम से सिख इतिहास, गुरुओं की शिक्षाओं और उनके योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।
भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन बनी आकर्षण का केंद्र
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जींद से भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है और संचालन के दौरान केवल जलवाष्प उत्सर्जित करती है, जिससे कार्बन उत्सर्जन लगभग शून्य रहता है। 10 कोच वाली यह ट्रेन दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन-चालित यात्री ट्रेनों में शामिल है और 3,200 हॉर्सपावर की प्रणोदन प्रणाली से लैस है, जिससे यह दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में से एक मानी जा रही है।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: E20 विवाद पर मारुति का बड़ा फैसला, रायपुर आयोग के आदेश को देगी चुनौती