26 शहरों में करीब 1,200 किमी तक फैला मेट्रो नेटवर्क, रोजाना एक करोड़ यात्री कर रहे सफर: पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की शहरी परिवहन व्यवस्था में आए ऐतिहासिक बदलावों को रेखांकित करते हुए 2014 से पहले और पिछले एक दशक में हुए मेट्रो विस्तार की तुलना की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में मेट्रो इंफ्रास्ट्रक्चर की रफ्तार अभूतपूर्व रही है।
मेट्रो की सुस्त रफ्तार पर पीएम मोदी का तीखा सवाल
पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अगर भारत का मेट्रो नेटवर्क 2014 से पहले वाली गति से आगे बढ़ता, तो पुणे जैसे प्रमुख शहरों को मेट्रो सुविधाओं के लिए वर्षों नहीं बल्कि दशकों तक इंतजार करना पड़ता। उन्होंने कहा कि ऐसी सुस्त रफ्तार देश के लिए बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं थी।
वर्ष 2014 में देश के केवल 5 शहरों में 248 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क चालू था। बीते एक दशक के प्रयासों के चलते आज 26 शहरों में लगभग 1,200 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क सक्रिय है। वर्तमान में हर दिन 1 करोड़ से अधिक यात्री मेट्रो से यात्रा कर रहे हैं।
आंकड़ों से परे आम जीवन पर पड़ा सीधा असर
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस नेटवर्क विस्तार का प्रभाव सिर्फ सरकारी आंकड़ों तक सीमित नहीं है। इसका सीधा असर आम नागरिक के दैनिक जीवन पर पड़ा है। ट्रैफिक में कम समय बीतने से लोग परिवार के साथ अधिक समय बिता पा रहे हैं। इससे कार्यकुशलता और उत्पादकता में सुधार आया है।
21,800 करोड़ की पुणे मेट्रो परियोजनाओं का सौगात
हाल ही में प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो की करीब 21,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस वर्चुअल कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।
उद्घाटन की गई परियोजनाओं में पुणे मेट्रो लाइन 3 यानी 'पिंक लाइन' प्रमुख है। 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार यह प्रोजेक्ट आधुनिक तकनीक और परिवहन समाधानों के बल पर पुणे के शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती प्रदान करेगा।
आईटी हब हिंजवड़ी से जुड़ेगा शिवाजीनगर
23 किलोमीटर लंबी यह पिंक लाइन मान (Maan) क्षेत्र को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन से जोड़ती है। यह नया कॉरिडोर हिंजवड़ी आईटी हब और शिवाजीनगर के बीच सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा, जिससे रोजाना हजारों आईटी पेशेवरों और यात्रियों का सफर सुगम होगा।
13,500 करोड़ के फेज-2 की रखी गई नींव
प्रधानमंत्री ने पुणे मेट्रो के दूसरे चरण (Phase-II) का शिलान्यास भी किया, जिस पर करीब 13,500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके तहत मेट्रो लाइन 2A, 2B, 4 और 4A का निर्माण किया जाएगा।
फेज-2 की लाइन 2A और 2B की कुल लंबाई 12.75 किलोमीटर होगी। लाइन 2A वनाज को चांदनी चौक से तथा लाइन 2B रामवाड़ी को विट्ठलवाड़ी से जोड़ेगी। 25.52 किलोमीटर लंबी लाइन 4 खराड़ी को खड़कवासला से और 6.12 किलोमीटर लंबी लाइन 4A नल स्टॉप को माणिक बाग से कनेक्ट करेगी। (इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: भारत ने तय लक्ष्य से 5 साल पहले हासिल किया, बिजली क्षमता का 50% से अधिक हिस्सा: PM मोदी