प्रधानमंत्री मोदी के सेशेल्स दौरे से पहले भारतीय उ

PM मोदी की सेशेल्स यात्रा "ऐतिहासिक मील का पत्थर, 250 वर्षों से हमारे भाग्य एक दूसरे से जुड़े"- भारतीय उच्चायुक्त

विक्टोरिया-माहे में भारतीय प्रवासी समुदाय ने PM मोदी के स्वागत में लगाए पोस्टर

विक्टोरिया-माहे (सेशेल्स): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को सेशेल्स में होने वाले दो दिवसीय राजकीय दौरे (27 से 29 जून) से पहले गुरुवार (स्थानीय समय) को विक्टोरिया-माहे क्षेत्र में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों द्वारा उनके स्वागत में पोस्टर लगाए गए। इस दौरे से पहले बोलते हुए सेशेल्स में भारतीय उच्चायुक्त रोहित रातीश ने इसे द्विपक्षीय संबंधों में एक ऐतिहासिक क्षण बताया। रातीश ने कहा, "यह दोनों देशों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।"

भारत और सेशेल्स के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक संबंध

दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक संबंध हैं। उन्होंने कहा, "भारत और सेशेल्स के बीच सांस्कृतिक समानताओं के साथ बहुत गहरे और ऐतिहासिक संबंध हैं। हम एक ही क्षेत्र में रहते हैं और लोकतंत्र और कानून के शासन के मूल्यों को भी साझा करते हैं। ये हमारी द्विपक्षीय साझेदारी के आधार स्तंभ हैं।"

पिछले 250 वर्षों से हमारे भाग्य एक दूसरे से जुड़े हुए हैं

रातीश ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध औपचारिक राजनयिक संबंधों से सदियों पहले के हैं। उन्होंने कहा, "पिछले 250 वर्षों से हमारे भाग्य एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। द्विपक्षीय साझेदारी और राजनयिक संबंध इस रिश्ते का नवीनतम अध्याय मात्र हैं।"

संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा द्विपक्षीय सहयोग

यात्रा के परिणामों के प्रति आशा व्यक्त करते हुए उच्चायुक्त ने कहा कि दोनों देश सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा, "हम द्विपक्षीय संबंधों के एक गहन दौर की उम्मीद करते हैं, जो हमारे गहरे और ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करेगा और उन्हें नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।"

हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग को मिलेगी नई गति

उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान भारत द्वारा समर्थित कई परियोजनाओं का उद्घाटन होने की उम्मीद है, जिनमें नागरिक अवसंरचना और रक्षा सहयोग दोनों शामिल हैं। रतीश ने कहा, "हम नागरिक क्षेत्र के साथ-साथ रक्षा और सुरक्षा पहलुओं से संबंधित कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन करने की आशा करते हैं।" उन्होंने कहा कि इससे हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि इस यात्रा से रक्षा और सुरक्षा को और अधिक गति मिलेगी।"

27 से 29 जून तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर जा रहे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर जा रहे हैं, जहां वे राष्ट्र के राष्ट्रीय दिवस (29 जून) के स्वर्ण जयंती समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री इस द्वीप राष्ट्र की यात्रा कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ प्रधानमंत्री मोदी उच्च स्तरीय चर्चा करेंगे, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी और पारस्परिक महत्व के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की राष्ट्रीय सभा को संबोधित करेंगे और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत करेंगे।

द्विपक्षीय साझेदारी को बढ़ावा देने की मजबूत होगी संयुक्त प्रतिबद्धता

विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है, "भारत और सेशेल्स के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आपसी संबंधों पर आधारित एक दीर्घकालिक साझेदारी है। हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी होने के नाते सेशेल्स भारत के विजन महासागर और वैश्विक दक्षिण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में एक विशेष स्थान रखता है।" विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री की आगामी यात्रा दोनों देशों के बीच मजबूत और स्थायी मित्रता की पुष्टि करेगी। साथ ही सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को बढ़ावा देने की उनकी संयुक्त प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेगी। इससे पहले अप्रैल में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मॉरीशस में आयोजित 9वें हिंद महासागर सम्मेलन के दौरान अपने सेशेल्स समकक्ष बैरी फॉरे से मुलाकात की थी, जहां उन्होंने विक्टोरिया को उसकी मौजूदा आर्थिक चुनौतियों से निपटने में सहायता करने के लिए नई दिल्ली के संकल्प को दोहराया था।