कतर हादसे में 12 भारतीयों की मौत, विदेश मंत्री जयशंकर ने जताया दुख
नई दिल्ली। कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए एक दर्दनाक हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। इस घटना पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।
विदेश मंत्री ने जताई संवेदना
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए विस्फोट में भारतीय नागरिकों सहित कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
भारतीय दूतावास ने की मौतों की पुष्टि
दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि रविवार रात हुए हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की जान गई है। दूतावास ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है।
घायलों का चल रहा इलाज
अधिकारियों के अनुसार हादसे में घायल हुए सभी लोगों की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
परिवारों की मदद में जुटा दूतावास
भारतीय दूतावास कतर प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता दी जा रही है। साथ ही मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द भारत भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ऊर्जा केंद्र में हुआ था धमाका
रविवार रात रास लाफान इंडस्ट्रियल एरिया में विस्फोट हुआ था। यह क्षेत्र दुनिया के प्रमुख ऊर्जा केंद्रों में गिना जाता है। विस्फोट के बाद बरजान गैस सप्लाई फैसिलिटी में भीषण आग लग गई, जिसके बाद आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
यह भी पढ़े: राम मंदिर ट्रस्ट की वित्तीय जांच की मांग पहुंची सुप्रीम कोर्ट, CBI-SIT जांच की उठी मांग