'सीमा पार आतंकवाद' पर क्वाड का कड़ा संदेश, लाल किला हमले की कड़ी निंदा
नई दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली में बीते चार और पांच दिसंबर को भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका की तीसरी क्वाड काउंटर टेररिज्म वर्किंग ग्रुप (सीटीडब्ल्यूजी) बैठक हुई। बैठक में चारों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर कड़ा संदेश दिया।
बैठक में सीमा पार आतंकवाद समेत आतंकवाद के सभी स्वरूपों की सर्वसम्मत कड़ी निंदा की गई। बैठक में हाल में लाल किले पर हुए आतंकी हमलों पर गहरी चिंता जताई गई। साथ ही कहा गया कि इसकी साजिश रचने वालों, इस घटना को अंजाम देने वालो और वित्तपोषण करने वालों को न्याय के दायरे में लाया जाए। साथ में संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों से आग्रह किया गया वे इसमें सहयोग करें।
क्वाड देशों ने साफ किया कि आतंकवाद किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। उसके खिलाफ सामूहिक कार्रवाई ही इंडो-पैसिफिक (भारत-प्रशांत) को सुरक्षित रखने का एकमात्र रास्ता है। गौरतलब हो कि बीते 10 नवंबर 2025 को दिल्ली में लाल किले के पास हुए आतंकी हमले में 15 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/no-proposal-for-disinvestment-and-merger-of-psbs-is-under-consideration/100279