राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर विदेशी मदद से सरकार चल

आप विदेशी मदद से पीएम बने: राहुल गांधी का पीएम मोदी पर पलटवार, दी खुली बहस की चुनौती

Lok Sabha Leader of Opposition Rahul Gandhi (FilePhoto)

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी विदेशी मदद से सत्ता में आए हैं और उसी के सहारे बने हुए हैं।

विदेशी मदद और वित्तीय नियंत्रण का आरोप

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश की वित्तीय व्यवस्था और विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पूरी तरह से विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन में हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर किसी भी मंच और समय पर खुली बहस की चुनौती दी।

बहस की चुनौती पर क्या बोले गांधी

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री उनकी इस चुनौती को स्वीकार करने की हिम्मत कभी नहीं जुटा पाएंगे। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी इस बात से डरे हुए हैं कि विपक्ष के पास उनके खिलाफ क्या जानकारियां हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री में हिम्मत है तो वे सामने आएं और इस पर खुली चर्चा करें।

पीएम मोदी का विपक्ष पर निशाना

राहुल गांधी की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने विपक्ष की आलोचना की थी। गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया था।

अवरोधक बन गया है विपक्ष

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम नीतियों का विरोध करना होता है, लेकिन दुर्भाग्यवश विपक्ष अब अवरोधक पक्ष बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें देश को बांटने की साजिश रच रही हैं और विदेशों से उन्हें समर्थन मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने देश की जनता से ऐसी ताकतों और अफवाहों के खिलाफ एकजुट होने की अपील की थी। (इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: इंडिया गठबंधन की रैली में राहुल गांधी ने CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की उठाई मांग