अयातुल्ला खामेनेई की हत्या पर चुप्पी तोड़ें पीएम मोदी: राहुल गांधी
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की हत्या पर बोलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस पर चुप्पी से विश्व में भारत की प्रतिष्ठा कम होती है। भारत को इस संघर्ष पर नैतिक रूप से स्पष्ट होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय कानून और मानव जीवन की रक्षा का साहस होना चाहिए।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर जताई चिंता
राहुल गांधी ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री मोदी को बोलना चाहिए। क्या वे विश्व व्यवस्था तय करने के तरीके के रूप में किसी राष्ट्र प्रमुख की हत्या का समर्थन करते हैं? इस समय चुप्पी साधने से विश्व में भारत की प्रतिष्ठा कम होगी।" पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए उन्होंने शांति बहाल करने के लिए बातचीत और संयम की अपील की।
ईरान सहित अन्य देशों पर हुए हमलों की निंदा
उन्होंने कहा, "अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ती दुश्मनी एक पहले से ही नाजुक क्षेत्र को बड़े संघर्ष की ओर धकेल रही है। करोड़ों लोग, जिनमें लगभग एक करोड़ भारतीय भी शामिल हैं, अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। सुरक्षा चिंताएं वास्तविक हैं, लेकिन संप्रभुता का उल्लंघन करने वाले हमले संकट को और बढ़ाएंगे। ईरान पर एकतरफा हमलों के साथ-साथ ईरान द्वारा अन्य मध्य-पूर्वी देशों पर किए गए हमलों की भी निंदा होनी चाहिए। हिंसा से हिंसा ही जन्म लेती है- शांति के लिए संवाद और संयम ही एकमात्र रास्ता है।"
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/israel-hacked-tehrans-traffic-cameras-to-track-ayatollah-khamenei/147020