बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की आर्ट एग्जीबिशन पर विवाद, 70 तस्वीरें हटाईं; प्रियंका बोलीं- 'डर गई सत्ता'
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी को लेकर नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। रेहान वाड्रा ने बीकानेर हाउस प्रबंधन पर सेंसरशिप का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी प्रदर्शनी 'नो आइडिया इज़ फाइनल' (No Idea Is Final) के शुरू होने से महज कुछ घंटे पहले दिल्ली के युवा आंदोलनों से जुड़ी तस्वीरें हटाने के लिए मजबूर किया गया।
4 घंटे की मोहलत और सीलिंग की चेतावनी
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में रेहान वाड्रा ने बताया कि गुरुवार शाम 7 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन होना था। हालांकि, आयोजन से ठीक पहले प्रबंधन ने लगभग 70 तस्वीरों को प्रदर्शित करने से मना कर दिया।
रेहान के मुताबिक, दोपहर करीब 3:30 बजे प्रशासन की ओर से एक नोटिस थमाया गया। इसमें कहा गया कि यदि शाम 4 बजे तक विवादित तस्वीरें नहीं हटाई गईं, तो 5 बजे तक पूरे परिसर को सील कर प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी।
तिरंगे वाली तस्वीरों पर भी आपत्ति
रेहान वाड्रा ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने उन दो तस्वीरों पर भी ऐतराज जताया जिनमें भारतीय राष्ट्रीय ध्वज यानी तिरंगा नजर आ रहा था। उन्होंने बताया, "मैंने 1 हफ्ते पहले ही पूरा लेआउट साझा कर दिया था। यदि राजनीतिक कंटेंट से ऐतराज था, तो मैंने पहले ही नेताओं की तस्वीरें हटा दी थीं। लेकिन अंत समय में बिना लिखित कारण बताए 70 तस्वीरों को हटाने का दबाव बनाया गया।"
कार्रवाई के विरोध में आयोजकों ने शुरुआत में फोटो फ्रेम को उल्टा कर दिया था ताकि केवल उनका पिछला हिस्सा दिखे, मगर प्रबंधन ने इस पर भी आपत्ति जताई। आखिरकार सभी तस्वीरों को हटाकर स्टोर रूम में रखवा दिया गया।
राजनीतिक दबाव या प्रबंधन का फैसला?
सेंसरशिप के सवाल पर रेहान ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस फैसले के पीछे कोई बाहरी या राजनीतिक दबाव था या नहीं, लेकिन यह कदम सीधे तौर पर कलाकारों की अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है। उन्होंने कहा कि बीकानेर हाउस जैसे सार्वजनिक संस्थानों को कलाकारों और क्यूरेटरों के अधिकारों का सम्मान करना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने किया पलटवार
इस पूरे घटनाक्रम पर रेहान की मां और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने बेटे का समर्थन करते हुए प्रियंका ने लिखा, रेहान वाड्रा, जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति किसी दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो उसे शायद अहसास नहीं होता कि वह उसी ताकत को खो चुका है जिसे बचाने की कोशिश कर रहा है। तुम सच के साथ खड़े रहो, हर खूबसूरत चीज अपना रास्ता खुद ढूंढ लेगी। मुझे तुम पर हमेशा गर्व रहेगा।"
रॉबर्ट वाड्रा ने भी इस पोस्ट को साझा करते हुए बीकानेर हाउस प्रबंधन की कार्रवाई का विरोध किया। फिलहाल यह प्रदर्शनी दिल्ली में सीमित रूप से आयोजित की जा रही है और इसका अगला संस्करण अगले महीने बेंगलुरु में पेश किया जाएगा। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)