दिवाली और छठ पर रेलवे ने चलाईं 18,000 विशेष ट्रेने

त्योहारी भीड़ के मद्देनजर रेलवे ने स्टेशनों पर किए पुख्ता इंतजाम, 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाईं: अश्विनी वैष्णव

Union Railway Minister Ashwini Vaishnaw

नई दिल्ली। नई दिल्ली में आनंद विहार टर्मिनल का दौरा करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बताया कि त्योहारों के इस सीजन में यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए रेलवे ने अब तक लगभग 18,000 विशेष ट्रेनें संचालित की हैं। इनसे 2 करोड़ से अधिक यात्रियों को राहत मिली है।

आनंद विहार में भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। रेल मंत्री ने स्वयं स्टेशन पर यात्रियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया, जिस पर लोगों ने संतोष जताया है।

आनंद विहार टर्मिनल पर कनेक्टिविटी का बड़ा प्लान

आनंद विहार टर्मिनल को दिल्ली मेट्रो (DMRC), रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) और बस स्टैंड से जोड़ने वाले फुट ओवरब्रिज (FOB) पर भारी भीड़ को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को तुरंत सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।

अश्विनी वैष्णव ने कहा, "यहाँ एक FOB है, जिससे DMRC, RRTS और बस स्टैंड के यात्री आते-जाते हैं। उस पर अत्यधिक भीड़ होती है। मैंने अधिकारियों को तुरंत सर्वे करने का निर्देश दिया है। दिवाली और छठ का सीजन खत्म होते ही अगले साल की तैयारी के तहत या तो इस FOB को चौड़ा किया जाए या फिर एक सबवे बनाया जाए।"

सार्वजनिक सुझावों का स्वागत और सुविधाओं का विस्तार

रेल मंत्री ने कहा कि दोनों में से एक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा, "अगर किसी के पास और भी बेहतर सुझाव हैं तो वे मेरे कार्यालय तक जरूर पहुंचाएं। हम हर साल अपनी सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए 18,000 विशेष ट्रेनें चलाकर करोड़ों यात्रियों की यात्रा को संभव बनाया गया है।

छठ पर्व से पहले फिर बढ़ेगी यात्रियों की संख्या

रेल मंत्री ने बताया कि शुक्रवार को धनतेरस और शनिवार को छोटी दिवाली के अवसर पर स्टेशनों पर भारी भीड़ दर्ज की गई। रविवार को यात्री आवाजाही सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन छठ पूजा से करीब तीन दिन पहले एक बार फिर भीड़ का बड़ा पीक देखने को मिलेगा।

भीड़ प्रबंधन के लिए आनंद विहार के अलावा हजरत निजामुद्दीन, नई दिल्ली और शकूर बस्ती जैसे प्रमुख टर्मिनलों पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मांग बढ़ते ही कुछ ही घंटों में चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें

अतिरिक्त ट्रेनों की मांग पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि रेलवे चेयरमैन, जनरल मैनेजर्स (GM) और डिविजनल रेलवे मैनेजर्स (DRM) को अलर्ट पर रखा गया है।

उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि व्यस्त समय के दौरान जरूरत पड़ने पर महज कुछ ही घंटों के भीतर अतिरिक्त ट्रेनों को तुरंत रवाना किया जाए ताकि कोई भी यात्री छूटने न पाए। (इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन बहाल, छह प्रमुख ट्रेनों की वापसी से यात्रियों को राहत