SC का दिल्ली में 5 सितंबर के विरोध मार्च पर तुरंत रोक लगाने से इनकार, कहा- कानून-व्यवस्था संभालना सरकार का काम
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा 5 सितंबर को नई दिल्ली में घोषित विरोध मार्च के खिलाफ तत्काल हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना मुख्य रूप से सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची और वी मोहना की बेंच ने कहा कि इस स्तर पर यह मानने का कोई कारण नहीं है कि प्रस्तावित प्रदर्शन से कोई अप्रिय घटना होगी।
बेंच ने केंद्र और दिल्ली पुलिस को जारी किया नोटिस
मुख्य न्यायाधीश ने कहा, "हम कम से कम अभी के लिए यह मानकर चलेंगे कि सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से व्यवहार करेंगे। अभी ऐसा कोई ठोस कारण नहीं है जिससे यह माना जा सके कि कोई अप्रिय घटना होगी।" बेंच ने सेवानिवृत्त दिल्ली पुलिस अधिकारी राजेंद्र सिंह द्वारा दायर याचिका पर केंद्र और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया, लेकिन मामले को 5 सितंबर से पहले सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया। उसने याचिका को छात्र विरोध प्रदर्शनों से संबंधित अन्य मामलों के साथ 10 सितंबर के लिए सूचीबद्ध किया।
याचिका में संवेदनशील इलाकों में प्रदर्शनों को नियंत्रित करने की मांग
याचिका में यह सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की गई है कि राष्ट्रीय राजधानी के संवेदनशील क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन या विरोध मार्च आवश्यक पुलिस अनुमति प्राप्त करने के बाद ही आयोजित किए जाएं। सिंह की ओर से पेश हुए अधिवक्ता रिजान अहमद ने प्रस्तावित मार्च और 12-13 सितंबर को दिल्ली में होने वाले आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का हवाला देते हुए सर्वोच्च न्यायालय से मामले की सुनवाई 3 सितंबर को करने का आग्रह किया।
BRICS Summit के बीच मार्च को लेकर जताई गई चिंता
अहमद ने बताया कि उनकी जानकारी के अनुसार, आयोजकों ने मार्च के लिए पुलिस से अनुमति नहीं ली थी और शिखर सम्मेलन के दौरान राजधानी में अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों और मीडिया की उपस्थिति पर चिंता व्यक्त की। वकील ने 20 जुलाई को सीजेपी द्वारा घोषित संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा का जिक्र किया और चेतावनी दी कि ऐसी ही एक और घटना हो सकती है, भले ही इसका सीधा संबंध आयोजकों से न हो।
पुलिस और सरकार पर छोड़ी गई कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी
हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि न्यायालय किसी अप्रिय घटना की आशंका के आधार पर आगे नहीं बढ़ सकता और दोहराया कि पुलिस किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने में सक्षम है। मुख्य न्यायाधीश ने कहा, "हमारे समक्ष कोई ज्ञात समूह नहीं है। कृपया केंद्र सरकार या राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को इस बारे में बताएं। कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनका काम है। उन्हें कानून के अनुसार कार्य करना चाहिए।"
प्रदर्शन टालने से सुप्रीम कोर्ट का साफ इनकार
अहमद ने सर्वोच्च न्यायालय से ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बाद तक मार्च को स्थगित करने पर विचार करने का भी आग्रह किया। पीठ ने ऐसा करने से इनकार कर दिया और आवेदक को केंद्र और दिल्ली पुलिस के साथ अपनी चिंताओं को उठाने का निर्देश दिया। मुख्य न्यायाधीश ने कहा, "उनसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है, और कानून लागू करने वाली एजेंसी की यह जिम्मेदारी है कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखे। हम उनसे इसी दायरे में काम करने की उम्मीद करते हैं। दोनों पक्षों से, हम उम्मीद करते हैं कि वे सम्मान करेंगे, उचित आचरण करेंगे और देश के कानून का पालन करेंगे।"
छात्रों के खिलाफ मामलों को लेकर CJP ने किया मार्च का ऐलान
याचिका में मांग की गई है कि 12-13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बाद तक लुटियंस दिल्ली में प्रस्तावित किसी भी प्रदर्शन को विनियमित, स्थगित या संशोधित किया जाए। सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) ने 5 सितंबर के मार्च की घोषणा करते हुए आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार ने जुलाई में कथित परीक्षा पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शनों में भाग लेने वाले छात्रों के खिलाफ मामले वापस लेने की अपनी प्रतिबद्धता का पालन नहीं किया है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: यूक्रेन के नागरिकों की याचिका खारिज, NIA टेरर केस में 180 दिन तक बढ़ी जांच