दीपावली-छठ पर घर लौटना हो रहा मुश्किल, दिल्ली-मुंबई से पूर्वांचल आने वाली ट्रेनों में सीटें फुल
वाराणसी: दीपावली और छठ पूजा पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के सामने ट्रेनों में सीटों का संकट खड़ा हो गया है। दिल्ली, मुंबई और गुजरात समेत दूसरे शहरों में नौकरी करने वाले पूर्वांचल और बिहार के लोगों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। दीपावली में अब केवल 10 दिन बाकी रहे गए हैं, जबकि छठ पूजा 12 नवंबर से शुरू होकर 15 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगी। यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों में भी सीटें भर चुकी हैं।
दीपावली पर दिल्ली-वाराणसी रूट की ट्रेनों में भारी वेटिंग
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर कई ट्रेनों में 15 नवंबर तक लंबी वेटिंग लिस्ट है। दीपावली के आसपास की कई तारीखों में रिग्रेट लग चुका है। नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली वंदे भारत, राजधानी और अमृत भारत जैसी ट्रेनों में भी कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। दिल्ली-वाराणसी रूट पर 15 से अधिक ट्रेनों का संचालन होने के बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है। 22436 वंदे भारत एक्सप्रेस में 14 नवंबर तक चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास में कंफर्म सीट नहीं है। 20504 राजधानी एक्सप्रेस में भी सीटों की उपलब्धता नहीं है। आनंद विहार से पाटलिपुत्र जाने वाली स्पेशल ट्रेन 04096 और श्रमजीवी एक्सप्रेस में भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुंबई से पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में भी सीटों का संकट
मुंबई से पूर्वांचल आने वाली ट्रेनों में भी सीटों का संकट है। शिवगंगा एक्सप्रेस के स्लीपर और एसी कोच में जगह नहीं बची है। महामना एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन 15017 और जयनगर जाने वाली ट्रेन 11061 में भी कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल है। महानगरी एक्सप्रेस में वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है। कामायनी और गोरखपुर-दादर एक्सप्रेस में भी यात्रियों को सीट नहीं मिल पा रही है। रेलवे की ओर से त्योहारों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन बढ़ती मांग के कारण उनमें भी सीटों की कमी है। स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि रेल प्रशासन के निर्देश पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की जाएगी। इससे त्योहार पर घर लौटने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- समस्तीपुर में दाखिल-खारिज के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, वीडियो वायरल