मुहूर्त ट्रेडिंग पर शेयर मार्केट में फ्लैट कारोबार
मुहूर्त ट्रेडिंग पर शेयर मार्केट में फ्लैट कारोबार
सेंसेक्स और निफ्टी और हरे निशान बंद हुए
मुंबई। दीपावली के मौके पर आज यानी, 21 अक्टूबर को मुहूर्त ट्रेडिंग में ऑटो, मीडिया और आईटी शेयरों में तेजी रही। हालांकि शेयर ट्रेडिंग के दौरान PSU बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर में गिरावट रही। सेंसेक्स 63 अंक ऊपर 84,426 पर बंद हुआ। निफ्टी में 25 अंकों की तेजी रही। निफ्टी 25,869 के स्तर पर बंद हुआ।
आज यानी 21 अक्टूबर 2025 को नए हिंदू वित्तीय वर्ष संवत 2082 की शुरुआत हो रही है। निवेशक इस दिन मुहूर्त ट्रेडिंग करते हैं। इस बार दीपावली पर पिछले साल के मुहूर्त ट्रेडिंग के मुकाबले अब तक सेंसेक्स 4702 अंक (5.90%) चढ़ा है। वहीं निफ्टी में 1565 अंक (6.44%) का उछाल रहा। 2024 में 1 नवंबर को मुहूर्त ट्रेडिंग हुई थी। तब सेंसेक्स 335 अंक की बढ़त के साथ 79,724 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में 99 अंक की उछाल रही, ये 24,304 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार मंगलवार को मुहूर्त ट्रेडिंग 2025 के लिए खुला। बाजार में 1: 45 बजे कामकाज की शुरुआत हुई, जबकि 2:45 बजे कारोबार की समाप्ति हुई। शेयर मार्केट में आज बाजार की परंपरा से हटकर मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर बाद हुई जबकि पूर्व के वर्षों में ये शाम के समय हुआ करती थी।
इस एक घंटे के स्पेशल ट्रेडिंग के दौरान बाजार में जोरदार उतार-चढ़ाव देखा गया। निवेशक हैवीवेट स्टॉक पर एक्टिव दिखे। मंगलवार 21 अक्टूबर 2025 को दिवाली 2025 के अवसर पर स्पेशल मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन में भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ ओपन हुआ, लेकिन बढ़ते कारोबार के साथ यह अपनी गति को बरकरार नहीं रख सका, जबकि एशियाई बाजार में तेजी थी। कुल मिलाकर स्पेशल मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान प्रॉफिट बुकिंग देखने को मिली, जिससे इंडेक्स फ्लैट बंद हुए। सेंसेक्स 60 अंक चढ़ा, निफ्टी 25,800 के ऊपर बंद हुआ।
सेंसेक्स 63 अंक या 0.07 फीसदी की बढ़त के साथ 84,426.34 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 25 अंक या 0.10 फीसदी की बढ़त के साथ 25,868.60 पर बंद हुआ।
आज के चढ़ने और गिरने वाले शेयर -
निफ्टी पर सबसे अधिक तेजी सिप्ला, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, इंफोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में रही, जबकि गिरावट कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, मैक्स हेल्थकेयर और एशियन पेंट्स के शेयरों में रही।
सेक्टोरल इंडेक्स - सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए, जिनमें मेटल, मीडिया, पावर, टेलीकॉम और हेल्थ सर्विसेज में 0.5% की वृद्धि हुई. निफ्टी मीडिया (0.56 फीसदी ऊपर), मेटल (0.40 फीसदी ऊपर) और फार्मा (0.34 फीसदी ऊपर) अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि, निफ्टी रियल्टी (0.09 फीसदी नीचे) और पीएसयू बैंक (0.06 फीसदी नीचे) लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी बैंक इंडेक्स 0.04 फीसदी गिरा, जबकि फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 0.11 फीसदी बढ़ा। वॉल्यूम के लिहाज से सबसे ज्यादा एक्टिव शेयर वोडाफ़ोन आइडिया (19.5 करोड़ शेयर), द साउथ इंडियन बैंक (5.5 करोड़ शेयर) और टाटा गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (4 करोड़ शेयर) एनएसई पर वॉल्यूम के लिहाज से सबसे ज्यादा एक्टिव शेयर रहे।
एनएसई पर इंट्राडे ट्रेड में वी2 रिटेल, एसएमएल इसुज़ु, मेगासॉफ्ट और पार्श्वनाथ डेवलपर्स समेत 93 शेयरों में अपर सर्किट लगा। बीएसई पर 15 शेयरों में 15% से अधिक का उछाल देखने को मिला। सिलिकॉन रेंटल सॉल्यूशंस, मफतलाल इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान अप्लायंसेज, एसबीएल इंफ्राटेक और त्रिवेणी एंटरप्राइजेज उन 15 शेयरों में शामिल थे, जिनमें बीएसई पर 15 फीसदी से अधिक की तेजी नजर आई।