केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 66वें जन्मदिन पर शुरू की मुफ्त ‘मामा कोचिंग’
प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं
Narendra Modi ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। प्रधानमंत्री ने उनकी सादगी और जनता से जुड़ाव की सराहना करते हुए किसानों के कल्याण और कृषि विकास के लिए उनके प्रयासों की प्रशंसा की तथा उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की।
पौधारोपण अभियान और पाँच जनसंकल्प
शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के स्मार्ट पार्क में अपने परिवार के साथ पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल मनुष्यों के लिए ही नहीं बल्कि बच्चों, कीटों और जैव विविधता के लिए भी आवश्यक हैं। उन्होंने घोषणा की कि केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालयों के आधिकारिक कार्यक्रमों में अब बुके, शॉल और स्मृति-चिन्हों की जगह पौधे भेंट किए जाएंगे। जो लोग पौधे लगाएंगे वे एक पोर्टल पर QR कोड के माध्यम से फोटो अपलोड कर “शिव वृक्ष मित्र” बन सकेंगे। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि उनके जन्मदिन पर कोई होर्डिंग न लगाएं और न ही बुके या उपहार लाएं। उन्होंने कहा, “यदि मुझे शुभकामना देना चाहते हैं तो एक पेड़ लगाइए। आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती की रक्षा करना सबसे बड़ा उपहार है।”
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ‘मामा कोचिंग’
भोपाल में पौधारोपण कार्यक्रम के बाद चौहान अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ विदिशा पहुंचे और रवींद्रनाथ टैगोर संस्कृति भवन में मामा कोचिंग क्लासेस का शुभारंभ किया। इस कोचिंग में बैंकिंग, SSC, MPPSC, DRDO, वन सेवा की मुफ्त तैयारी कराई जाएगी। जो छात्र व्यक्तिगत रूप से कक्षाओं में नहीं आ सकते, उनके लिए ऑनलाइन कक्षाएं भी उपलब्ध होंगी। पहले चरण में विदिशा, रायसेन और भैरुंदा में 100-100 छात्रों के बैच शुरू किए जाएंगे। आज से प्रवेश फॉर्म भरे जा रहे हैं।
माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’
शिवराज सिंह चौहान ने अपने माता-पिता प्रेम सिंह और सुंदर बाई की स्मृति में “प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान” शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत विदिशा लोकसभा क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्रों में कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें प्रथम: ₹51,000, द्वितीय: ₹31,000
तृतीय: ₹21,000 होंगे। लोकसभा स्तर पर शीर्ष तीन विद्यार्थियों को अधिक राशि का विशेष पुरस्कार भी दिया जाएगा।
गाँवों में मुफ्त इलाज के लिए मोबाइल अस्पताल
एक अन्य पहल के तहत चौहान ने विदिशा लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभा सीटों में मोबाइल अस्पताल शुरू करने की घोषणा की। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स में आधुनिक जांच सुविधाएँ होंगी, योग्य डॉक्टर मौजूद रहेंगे। ये इकाइयाँ गाँवों और दूरस्थ क्षेत्रों में मुफ्त इलाज उपलब्ध कराएंगी। मोबाइल अस्पतालों की खरीद MPLAD (सांसद निधि) से होगी, जबकि संचालन खर्च जनसहयोग से चलाया जाएगा।
दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल
उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि अपने संसदीय क्षेत्र में जरूरतमंद दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल दी जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
‘संभावना’ कोचिंग पहल
शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह चौहान ने 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान भोपाल स्थित सरकारी निवास से ‘संभावना’ नामक मुफ्त कोचिंग पहल शुरू की थी। यह कार्यक्रम आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी करवाता है। अब तक 8 बैचों में लगभग 900 छात्र इस पहल से लाभान्वित हो चुके हैं। MPPSC परीक्षा में भी कई छात्रों ने उत्कृष्ट सफलता हासिल की है, जिनमें पूजा सिंह – 2021 में तीसरा स्थान, भुवनेश सिंह चौहान – 2023 में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।