लेह में पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, बीजेपी दफ्तर पर आगजनी, पुलिस पर पथराव..
Ladakh : लद्दाख के लेह शहर में बुधवार (24 सितंबर) को हिंसक प्रदर्शन हुआ. नाराज प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई. युवाओं ने अधिकारियों पर जमकर पथराव किया और एक पुलिस गाड़ी को भी जलाने की घटना सामने आई है. लद्दाख को पूर्ण राज्य की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन चल रहा था. प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल कर रहे हैं. बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने पूर्ण बंद का ऐलान किया था.
इस दौरान अचानक प्रदर्शनकारी उग्र और हिंसक हो गए. प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी कार्यालय पर भी हमला कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दफ्तर में आगजनी की. पुलिस पर पथराव भी किया. जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षक सोनम वांगचुक विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी को आगामी हिल काउंसिल चुनावों से पहले लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने का अपना वादा पूरा करना चाहिए. इस अफरा-तफरी के बीच सीआरपीएफ के एक वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया. इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तैनाती बढ़ा दी. प्रदर्शनकारियों में सबसे ज्यादा युवा छात्र शामिल थे. लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर नारे भी लगे.
एपेक्स बॉडी की चेतावनी
राज्य का दर्जा और लद्दाख को छठी अनुसूची में शामिल करने को लेकर लेह एपेक्स बॉडी ने सोमवार को घोषणा की थी कि मांग पूरी होने तक भूख हड़ताल समाप्त नहीं करेगी. एपेक्स बॉडी ने केंद्र सरकार के साथ तत्काल बैठक की मांग की. एपेक्स बॉडी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता का धैर्य जवाब दे रहा है.
गृह मंत्रालय ने कहा है कि अगले दौर की चर्चा के लिए लद्दाख प्रतिनिधिमंडल के साथ छह अक्टूबर को बैठक होगी. लेह एपेक्स बॉडी के सह-अध्यक्ष चेरिंग दोरजे ने ऑनलाइन माध्यम से पत्रकारों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने सरकार को सूचित कर दिया है कि जब तक कोई समझौता नहीं हो जाता, वे अपनी भूख हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे. जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षक सोनम वांगचुक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने का वादा किया था.
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/mallikarjun-kharge-said-in-the-congress-working/48006