टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा अनिल पंडित, आरोपियों के संपर्क में था- कोटा SP
कोटा (राजस्थान)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में हुए फायरिंग मामले में राजस्थान की कोटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो ट्रेन से नेपाल भागने की फिराक में थे।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
कोटा की पुलिस अधीक्षक (SP) तेजस्वनी गौतम ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि मुख्य संदिग्ध ट्रेन से सफर कर रहे हैं और कोटा पहुंचने वाले हैं। इस पर तुरंत ऐक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने महज 15 मिनट के भीतर जाल बिछाया और पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे की सघन तलाशी ली, जहां से तीनों आरोपियों को धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय के रहने वाले और हाल ही में मुंबई में रह रहे ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन, तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है। कोटा पुलिस अब कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर इन सभी को मुंबई पुलिस को सौंपेगी।
बिश्नोई गैंग और हथियारों का कनेक्शन
एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा कुख्यात गैंगस्टर अनिल पंडित, आरोपी रेहान के लगातार संपर्क में था। हालांकि, पुलिस के मुताबिक अभी तक घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद नहीं किए जा सके हैं। हथियारों का सुराग लगाने और उनकी तलाश के लिए आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई पुलिस के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात रविवार शाम करीब 7 बजे की है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ जब जुहू स्थित एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में अभिनेता बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी गाड़ी के ड्राइवर को चोटें आईं।
इस सिलसिले में मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5), तथा शस्त्र अधिनियम (Arms Act) की धारा 3 और 25 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है और आगे की तहकीकात जारी है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद सलमान खान के घर बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा