काला सागर में भारतीय नाविकों की मौत पर यूक्रेन ने जताया शोक, जयशंकर को भेजा संवेदना पत्र
नई दिल्ली: भारत में यूक्रेन के दूतावास ने सोमवार को बताया कि यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने काला सागर में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के बीच भारतीय नाविकों की जान जाने पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर को शोक संवेदना पत्र भेजा है।
जयशंकर को भेजा शोक संदेश
सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दूतावास ने कहा कि विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने एस. जयशंकर को पत्र लिखकर भारतीय नाविकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। यूक्रेन के दूतावास ने काला सागर में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण जान गंवाने वाले भारतीय नाविकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुखद घटना पर शोक जताया।
विदेश मंत्रियों की वार्ता की उम्मीद
विज्ञप्ति में कहा गया कि यूक्रेन को उम्मीद है कि विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा के प्रस्ताव के बाद दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच जल्द ही काला सागर क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर विस्तार से बातचीत होगी। यह बयान रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच काला सागर में लगातार बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के बीच आया है। रविवार को ओडेसा बंदरगाह पर चार भारतीय नागरिकों को लेकर जा रहे एक व्यापारिक पोत पर हमला हुआ था। यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, दो भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं, जबकि अन्य दो के बारे में जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
एमवी गोल्डन लियो पर हमले में गई थी चार भारतीयों की जान
19 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो रहे एमवी गोल्डन लियो नामक पोत पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था। रूस-यूक्रेन संघर्ष के कारण काला सागर और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में सुरक्षा स्थिति बेहद अस्थिर बनी हुई है। इसे देखते हुए भारत सरकार ने इस क्षेत्र में संचालित वाणिज्यिक जहाजों पर नौकरी करने के इच्छुक भारतीय नागरिकों को सुरक्षा जोखिमों का सावधानीपूर्वक आकलन करने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने अपनी विस्तृत एडवाइजरी में कहा है कि रोजगार की शर्तें अंतरराष्ट्रीय समुद्री मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। साथ ही जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिकों से क्षेत्र में स्थित भारतीय दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है।
ANI
यह भी पढ़े: छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर बरसीं प्रियंका और डिंपल, पूछा- 'क्या ये आतंकवादी हैं?'