वाराणसी-दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस कल से: जानें रूट, टाइमिंग और शिव गंगा से कितनी होगी तेज
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे देश में अपनी आधुनिक ओवरनाइट रेल सेवाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कल शनिवार को वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
जनवरी 2026 में हावड़ा-गुवाहाटी कॉरिडोर पर मिली सफलता के बाद यह नई सेवा देश के दो बड़े धार्मिक और प्रशासनिक केंद्रों को आपस में जोड़ेगी।
काशी और दिल्ली के बीच सफर होगा आसान
वाराणसी देश का प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र है। यहां साल भर श्रद्धालुओं, पर्यटकों और छात्रों की आवाजाही बनी रहती है। नई वंदे भारत स्लीपर सेवा से पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को राष्ट्रीय राजधानी तक आरामदायक और तेज़ सफर की सुविधा मिलेगी।
यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर रुकेगी। इन बड़े शहरी केंद्रों से जुड़ने के कारण आसपास के कई जिलों के यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
टाइमिंग और शेड्यूल
वाराणसी से यह ट्रेन रात 20:50 बजे रवाना होकर अगली सुबह 06:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 21:40 बजे चलकर अगले दिन सुबह 07:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
यह सेवा हफ्ते में 6 दिन संचालित होगी। वाराणसी से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार को और दिल्ली से चलने वाली ट्रेन शनिवार को बंद रहेगी।
मौजूदा शिव गंगा एक्सप्रेस की तुलना में नई वंदे भारत स्लीपर वाराणसी से दिल्ली के सफर में 55 मिनट बचाएगी। वहीं दिल्ली से वाराणसी की दिशा में यात्रा का समय 35 मिनट कम हो जाएगा।
सुरक्षा और आधुनिक फीचर्स
ट्रेन में झटका-मुक्त यात्रा के लिए उन्नत एयरोडायनामिक डिजाइन और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें EN45545 HL3-ग्रेड फायर सेफ्टी, स्वचालित स्लाइडिंग दरवाजे, क्रैश-कम्प्लायंट बॉडी और कवच (TCAS) प्रणाली मौजूद है।
यात्रियों के आराम के लिए इसमें बदबू रहित वैक्यूम टॉयलेट, वाई-फाई सुविधा, फर्स्ट एसी में गर्म पानी का शॉवर और दिव्यांगजनों के लिए विशेष बर्थ व टॉयलेट बनाए गए हैं। प्रत्येक सीट पर चार्जिंग सॉकेट और यूएसबी पोर्ट्स की सुविधा भी दी गई है।
यह भी पढ़ें: INS विक्रांत पर राफेल मरीन की पहली लैंडिंग सफल, भारतीय नौसेना ने रचा इतिहास, देखें क्यों खास है ये डील