RSS में महिलाओं की भूमिका पर राहुल गांधी के बयान प

'राहुल गांधी मानसिक रूप से दिवालिया', RSS पर दिए बयान पर भड़की VHP

Vishva Hindu Parishad (VHP) national spokesperson Vinod Bansal

नई दिल्ली। लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर की गई तीखी टिप्पणियों के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें "मानसिक दिवालियापन" का शिकार करार दिया है।

संघ के कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी पर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी के बयान पर विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को यह जमीनी हकीकत दिखाई ही नहीं देती कि देशभर में संघ के आयोजनों में महिलाओं समेत पूरे परिवार की सक्रिय भूमिका होती है।

'विजयादशमी उत्सव में शामिल हुए थे परिवार'

न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए विनोद बंसल ने कहा, "राहुल गांधी जैसे नेता मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। उन्हें संघ के कार्यक्रमों में महिलाएं नजर नहीं आतीं। बीते दिन ही पूरे देश में विजयादशमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मैं खुद ऐसे तीन कार्यक्रमों में शामिल हुआ था, जहां हर जगह परिवार मौजूद थे।"

विहिप नेता ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कांग्रेस द्वारा RSS की लगातार आलोचना किए जाने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के इन हमलों से उन्हें कोई सियासी फायदा नहीं मिला है।

'दुनिया घूमकर की आलोचना, पर मिला क्या?'

विनोद बंसल ने निशाना साधते हुए कहा, "कांग्रेस ने दुनिया भर में घूम-घूमकर आरएसएस की बुराई की है। इस पूरी प्रक्रिया में उन्होंने क्या खोया और क्या पाया, यह बात आज देश की जनता अच्छी तरह जानती है।"

गौरतलब है कि इससे पहले 20 अक्टूबर को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर कर संघ पर गंभीर आरोप लगाए थे। राहुल ने दावा किया था कि आरएसएस के भीतर मौजूद महिलाएं भी संगठन के खिलाफ उनकी इस लड़ाई में उनके साथ हैं।

राहुल गांधी ने 'एक्स' पोस्ट में क्या लिखा था?

राहुल गांधी ने संघ की तुलना अपनी 'शिव-शक्ति' की सोच से करते हुए लिखा था, "RSS केवल पुरुषों का और संविधान विरोधी पंथ है, जो मानता है कि महिलाएं पुरुषों की संपत्ति हैं। मैं शिव-शक्ति में विश्वास रखता हूं। इसलिए उनसे लड़ने में मुझे खुशी होती है। सबसे खूबसूरत बात यह है कि उनकी 'अपनी' कई महिलाएं भी मेरे साथ खड़ी हैं।"

विहिप और कांग्रेस के बीच जारी यह जुबानी जंग यह साफ दर्शाती है कि आने वाले दिनों में यह वैचारिक लड़ाई और ज्यादा उग्र रूप ले सकती है। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का बीजेपी पर हमला, बोले- ‘बीजेपी ने गोवा को अपनी तिजोरी बना लिया है’